पूर्व सभापति के दोनों बेटों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी
बिहार विधान परिषद के पूर्व सभापति अवधेश नारायण सिंह के आरोपित बेटे प्रशात रंजन अरैर सुशांत रंजन की मुश्किलें खत्म होती नजर नहीं आ रही हैं।
पटना । बिहार विधान परिषद के पूर्व सभापति अवधेश नारायण सिंह के आरोपित बेटे प्रशात रंजन और सुशांत रंजन की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। एयर होस्टेस के साथ छेड़खानी, मारपीट और धमकी देने के मामले में दोनों आरोपितों के खिलाफ कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया। गुरुवार को पुलिस के हाथ वारंट पेपर लगने के बाद अब दोनों की गिरफ्तारी तय मानी जा रही है। सिटी एसपी अमरकेश डी. ने बताया कि मामले की जांच के दौरान दोनों आरोपित के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट की अर्जी दी गई थी। कोर्ट से वारंट जारी होने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
दरअसल मारपीट, छेड़खानी और जान से मार देने की धमकी मामले में पीड़ित एयर होस्टेस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ महिला थाने में लिखित शिकायत की थी। 19 मई को पुलिस ने पूर्व सभापति के खिलाफ केस दर्ज किया था। पुलिस ने गिरफ्तारी वारंट के लिए सिविल कोर्ट में याचिका दायर की थी। पुलिस सूत्रों की मानें तो केस दर्ज होने के बाद दोनों भाई गिरफ्तारी के डर से घर से गायब है। 20 मई को महिला थाने की पुलिस जब पूर्व सभापति के न्यू सचिवालय के पास स्थित सरकारी बंगले पर जांच करने पहुंची थी तब भी दोनों आरोपित नहीं मिले थे। मामला हाई-प्रोफाइल देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पूर्व में लड़की का बयान भी डीएसपी-सचिवालय की उपस्थिति में दर्ज किया गया था। दोनों आरोपितों के बारे में पूरी जानकारी जुटाने के लिए पुलिस दो बार उनके घर गई थी। गुरुवार को वारंट मिलने के बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई तेज कर दी है। सिटी एसपी अमरकेश डी. की मानें तो गिरफ्तारी वारंट मिलने के बाद दोनों आरोपितों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
------
: क्या है मामला :
पूर्व सभापति के दोनों बेटे एक ही लड़की से प्यार कर बैठे। उधर पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र की निवासी एयर होस्टेस ने आरोप लगाया कि उसे प्रशांत और सुशांत ने फोन कर न्यू सचिवालय स्थित पूर्व सभापति के सरकारी बंगले पर बुलाया था। जहां, दोनों ने उसके साथ बदतमीजी की। छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी थी।