बक्सर में मास्क न पहनने पर हुए चालान से नाराज सेना के जवान ने पुलिस पर किया हमला, तीन जख्मी
बक्सर में एक बाइक पर सवार सेना के जवान पर उसके दो साथियों ने वाहन जांच के दौरान पुलिस पर हमला कर दिया। मामले में आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
बक्सर, जेएनएन। जिले में गुरुवार को दिन में साढ़े बारह बजे कोरानसराय-बगेन मुख्य मार्ग स्थित नहर पुल के समीप दो दिन पहले मास्क न पहनने पर हुए चालान से नाराज आर्मी के जवान और उसके दो साथियों ने वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस पर हमला कर दिया। इसमें कई पुलिस कर्मी घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कोरानसराय बाजार की ओर से एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक कहीं जा रहे थे। पुलिस द्वारा तीनों युवकों को रोककर ट्रिपल लोडिंग और बिना हेलमेट पहने बाइक चलाने के आरोप में चालान काटने की बात कही गई। इसी बात पर खुद को सेना का जवान बताकर तीनों युवक वाहन चेकिंग के दौरान ही पुलिस के साथ उलझ गए और देखते ही देखते युवकों ने कोरानसराय थाना में पदस्थापित एएसआइ कुंदन कुमार सिंह पर हमला कर दिया। जब तक अन्य पुलिस के जवान कुछ समझ पाते तब तक एएसआइ गंभीर रूप से जख्मी हो गए। बीच-बचाव करने पहुंचे एक सैप बल के जवान भी चोटिल हो गया, जिसे आननफानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मारपीट के बाद भागने में नहीं हुए सफल
मारपीट की घटना के बाद तीनों भागने की फिराक में थे लेकिन पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के डुभूकी गांव निवासी सोनू कुमार और संजय कुमार पिता फुलेश्वर सिंह और अनिल कुमार पिता महेन्द्र सिंह के रूप में की गई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सोनू कुमार सिंह सेना का जवान है, जिससे दो-तीन दिन पहले भी पुलिस द्वारा मास्क नहीं पहनने के आरोप में जुर्माना वसूला गया था। उसी को लेकर बदले की भावना से वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस पर हमला किया। कोरानसराय थानाध्यक्ष राजन मालवीय ने बताया कि पुलिस पर जानलेवा हमला, सरकारी काम में बाधा उत्पन्न करने और मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन करने के आरोप में सेना के जवान सहित तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के बाद जेल भेज दिया गया है।