आर्मी ग्रीन बेंगलुरु का विजय अभियान जारी
आर्मी ग्रीन बेंगलुरु ने ऑल इंडिया एसआइएस बिहार कप फुटबॉल प्रतियोगिता में अपने विजय अभियान को जारी रखते हुए बुधवार को सहारा लखनऊ को 3-0 से पराजित कर दूसरी जीत दर्ज की।
पटना। आर्मी ग्रीन बेंगलुरु ने ऑल इंडिया एसआइएस बिहार कप फुटबॉल प्रतियोगिता में अपने विजय अभियान को जारी रखते हुए बुधवार को सहारा लखनऊ को 3-0 से पराजित कर दूसरी जीत दर्ज की। पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित प्रतियोगिता में लखनऊ ने पहले हाफ तक आर्मी को गोल करने से वंचित रखा, लेकिन दूसरे में उसे ऐसा करने में कामयाबी नहीं मिली। आर्मी की ओर से पहला गोल दुर्बा प्रसाद ने 77वें मिनट में किया। इसके तीन मिनट बाद 80वें मिनट में विकास थापा ने गोल कर बढ़त दोगुनी कर दी। फिर तीन मिनट बाद 83वें मिनट में मनीष सिंह ने तीसरा गोल कर रही-सही कसर पूरी कर दी। आर्मी के पीवी लिनेश व लखनऊ के सुजत अली को रेफरी ने रफ खेल के लिए यलो कार्ड दिखाया। आज के मैच में प्रवीण सिंह, संजय कुमार सिंह, वीरेंद्र कुमार, जय प्रकाश पंडित ने रेफरी की भूमिका निभाई। आज का मैच : ओएनजीसी मुंबई बनाम एसएएफसी हरियाणा शाम पांच बजे से।