बिहार में डराने लगा कोरोना, पटना के पीएमसीएच और एम्स सहित प्रमुख अस्पतालों के बेड फुल
Bihar Coronavirus Update News बिहार में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा अब खतरनाक रूप लेने लगा है। पटना के सरकारी अस्पतालों में कोरोना वार्ड में अब बेड नहीं के बराबर बचे हैं। पीएमसीएच और एनएमसीएच में कुछ बेड चिकित्सकों के लिए सुरक्षित रखे गए हैं।
पटना, जागरण संवाददाता। Bihar Coronavirus Update News: बिहार में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा अब खतरनाक रूप लेने लगा है। पटना के सरकारी अस्पतालों में कोरोना वार्ड में अब बेड नहीं के बराबर बचे हैं। पीएमसीएच और एनएमसीएच में कुछ बेड चिकित्सकों के लिए सुरक्षित रखे गए हैं, जबकि एम्स के सभी 110 बेड पर मरीज भर्ती हैं। ऐसी स्थिति में अभी कोरोना की वजह से अगर तबीयत खराब हुई तो मरीज के सामने मुश्किल स्थिति पैदा हो सकती है। हालांकि निजी अस्पतालों और बिहटा स्थित ईएसआइसी अस्पताल में अभी बेड खाली हैं। होटल पाटलिपुत्र अशोक के आइसोलेशन सेंटर में भी बेड खाली हैं।
वर्तमान में इलाज व आइसोलेशन की व्यवस्था
संस्थान | सामान्य बेड | ऑक्सीजन बेड | आइसीयू बेड | टोटल बेड | भर्ती मरीज | |
होटल पाटलिपुत्र अशोक | 136 | 24 | 00 | 160 | 18 | |
एम्स | 70 | 40 | 40 | 110 | 110 | |
एनएमसीएच | 00 | 92 | 08 | 100 | 55 | |
पीएमसीएच | 00 | 65 | 35 | 100 | 81 | |
ईएसआइसी बिहटा | 50 | 40 | 10 | 100 | 02 |
निजी अस्पताल | 187 | 284 | 194 | 665 | 325 |
कंगनघाट में 100 बेड का तैयार हो रहा आइसोलेशन वार्ड
पटना के उप विकास आयुक्त रिची पांडेय शनिवार की रात चौक थाना क्षेत्र के कंगन घाट स्थित पर्यटन सेवा केंद्र पहुंचे। उन्होंने कहा कि कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए यहां 80 से 100 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार किया जा रहा है। मरीजों की संख्या बढ़ने पर बेड की संख्या बढ़ा कर 200 तक की जा सकती है। डीडीसी ने आइसोलेशन सेंटर में डॉक्टर, नर्स, वार्ड ब्वाय, बेड, ऑक्सीजन सिलेंडर, पानी, बिजली, सुरक्षा, मरीजों के लिए भोजन समेत अन्य व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों से बातचीत किया।
गुरु गोविंद सिंह अस्पताल के अंतर्गत होगा संचालन
उन्होंने कहा कि यह आइसोलेशन सेंटर गुरु गोविंद सिंह सदर अस्पताल के नेतृत्व में संचालित होगा। डीडीसी ने कहा कि एनएमसीएच में भर्ती बिना किसी लक्षण वाले कोरोना पॉजिटिव को होम आइसोलेशन में भेजने या ऐसे मरीजों को आइसोलेशन केंद्र में भर्ती किए जाने संबंधित निर्देश दिया गया है।
पटना सिटी के नए कोरोना अस्पताल में 35 और वार्ड में केवल 3 बेड खाली
कोरोना संक्रमित की संख्या काफी तेजी से बढ़ती जा रही है। नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शनिवार की शाम तक भर्ती कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 78 हो गई। कोरोना के नये अस्पताल में सामान्य मरीजों के लिए उपलब्ध 80 बेड में से 35 बेड खाली है जबकि मेडिसीन विभाग स्थित कोरोना वार्ड के 36 बेड में से केवल तीन बेड खाली है। अस्पताल प्रशासन ने चिंता जताते हुए कहा कि जल्द ही अतिरिक्त बेड की व्यवस्था करनी पड़ेगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों को लिखा गया है।
एनएमसीएच में सामान्य मरीजों के लिए केवल 80 बेड
एनएमसीएच के अधीक्षक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि कोरोना के नए अस्पताल में कुल 106 बेड की क्षमता है। इनमें 12 बेड नवजात से लेकर 14 वर्ष तक के बच्चों के लिए रखा गया है। छह बेड आइएएस, आइपीएस व न्यायिक पदाधिकारियों के लिए है। आठ बेड स्वास्थ्य कर्मियों के लिए आरक्षित किया गया है। इस तरह सामान्य मरीजों के लिए केवल 80 बेड है।
यह भी पढ़ें- Bihar: शराब धंधेबाज से सेटिंग कर रहे थे गया के ये थानेदार, वीडियो बनाते पैक्स अध्यक्ष को सरेआम पीटा