JDU से निष्कासन के बाद भी अनंत सिंह के आवास पर जश्न, रात में जमकर हुई आतिशबाजी; क्या नई पार्टी बनाएंगे छोटे सरकार?
जनता दल यूनाइटेड (JDU) से छह साल के लिए निष्कासित किए जाने के बावजूद मोकामा विधायक अनंत सिंह के पटना स्थित आवास पर समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी कर जश्न मनाया।

अनंत सिंह के आवास पर हो रही आतिशबाजी। वीडियो ग्रैब
HighLights
JDU ने अनंत सिंह को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया।
निष्कासन के बावजूद अनंत सिंह के पटना आवास पर जश्न मनाया गया।
अनंत सिंह के अगले राजनीतिक कदम और नई पार्टी बनाने पर अटकलें।
डिजिटल डेस्क, पटना। जनता दल यूनाइटेड (JDU) से छह साल के लिए निष्कासित किए जाने के बाद आमतौर पर किसी नेता के खेमे में मायूसी छा सकती है।
लेकिन मोकामा विधायक अनंत सिंह के आवास का नजारा कुछ अलग ही दिखा। पार्टी की कार्रवाई के बाद जहां राजनीतिक हलकों में हलचल थी, वहीं पटना स्थित उनके सरकारी आवास पर शनिवार रात जमकर आतिशबाजी हुई।
समर्थकों ने जश्न मनाया और इस दौरान अनंत सिंह के अगले राजनीतिक कदम को लेकर भी चर्चाएं होती रहीं। जदयू ने अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी की प्राथमिक सदस्यता समाप्त करते हुए दोनों को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
इसके साथ ही अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की अनुशंसा भी की गई है। इस कार्रवाई के बावजूद उनके आवास पर जश्न का माहौल रहा।
नीतीश कुमार की जानकारी के बिना कार्रवाई होने का दावा
अनंत सिंह के आवास पर मौजूद कुछ समर्थकों का कहना था कि पार्टी की यह कार्रवाई पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जानकारी के बिना की गई है।
समर्थकों ने तर्क दिया कि अनंत सिंह हमेशा नीतीश कुमार और निशांत कुमार के प्रति अपनी आस्था जताते रहे हैं। उन्होंने कभी उनके खिलाफ बयान नहीं दिया। उन्होंने केवल नीरज कुमार का विरोध किया।
विधान परिषद चुनाव में जीत की उम्मीद भी जश्न की वजह?
आवास पर जश्न के पीछे समर्थक विधान परिषद चुनाव को भी एक वजह बता रहे हैं। उनका कहना था कि अनंत सिंह ने जिस प्रत्याशी का समर्थन किया है, उसकी जीत तय है।
समर्थकों को उम्मीद है कि चुनाव में उनके समर्थित प्रत्याशी को सफलता मिलेगी। इसी भरोसे को भी वे जश्न से जोड़कर देख रहे हैं।
गौरतलब है कि विधान परिषद चुनाव के मतदान के बाद से ही अनंत सिंह के आवास पर जश्न की तैयारियां चल रही थीं। वहां मिठाइयां तैयार की जा रही थीं।
शनिवार को जदयू की कार्रवाई के बाद रात में हुई आतिशबाजी ने इस पूरे घटनाक्रम को और चर्चा में ला दिया।
क्या नई पार्टी बनाएंगे अनंत सिंह?
पार्टी से निष्कासन के बाद अनंत सिंह के अगले कदम को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं। उनके कुछ समर्थकों ने नई पार्टी बनाए जाने की संभावना जताई।
हालांकि, अनंत सिंह की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इसलिए फिलहाल इसे अटकल के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।
अब राजनीतिक हलकों में निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि अनंत सिंह जदयू की कार्रवाई पर क्या रुख अपनाते हैं और आगे अपनी राजनीतिक गतिविधियों को किस दिशा में ले जाते हैं।
