विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार का गेमचेंजर एक्सप्रेसवे! आमस से दरभंगा तक 230 किमी सड़क से सफर होगा आसान, व्यापार को मिलेगा बूस्ट

Published: Wed, 08 Apr 2026 08:46 AM (IST)

भारतमाला परियोजना के तहत गया के आमस से दरभंगा तक बनने वाले 230 किमी एक्सप्रेसवे का पटना खंड रामनगर से ...और पढ़ें

पीएमजी की बैठक करते डीएम।

पीएमजी की बैठक करते डीएम।

HighLights

  1. आमस-दरभंगा एक्सप्रेसवे का पटना खंड रामनगर से गुजरेगा।

  2. डीएम ने भूमि अधिग्रहण और निर्माण में तेजी के निर्देश दिए।

  3. 230 किमी एक्सप्रेसवे यात्रा समय घटाएगा, व्यापार बढ़ाएगा।

जागरण संवाददाता, पटना: भारतमाला परियोजना के तहत गया के आमस से दरभंगा के बीच बनने वाले एक्सप्रेसवे का एक हिस्सा पटना जिले में रामनगर से कच्ची दरगाह के बीच से गुजरेगा।

इस खंड में भूमि अधिग्रहण और निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने मंगलवार को मसौढ़ी के अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए। ग्रीनफील्ड सिक्स-लेन एक्सप्रेसवे बिहार के दक्षिणी हिस्से गया के आमस को उत्तरी भाग दरभंगा से जोड़ेगा।

डीएम ने की प्रोजेक्ट मानिटरिंग ग्रुप की बैठक 

करीब 230 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण से आमस, औरंगाबाद, गया, पटना, वैशाली, समस्तीपुर और दरभंगा के बीच यात्रा का समय कम होगा, साथ ही माल परिवहन सुचारू होने से आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

डीएम ने ये निर्देश प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप की बैठक में दिए। उन्होंने बताया कि जिले में राज्य और केंद्र प्रायोजित 30 से अधिक विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है।

छोटी-मोटी समस्याओं का समाधान अनुमंडल और पुलिस पदाधिकारी सक्रियता से कर रहे हैं।

 मार्ग रेखन, भू अर्जन कार्य में तेजी लाने का आदेश

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं को गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूरा किया जाए। साथ ही भू-अर्जन, अतिक्रमण हटाने और मुआवजा भुगतान में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि इन कार्यों में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए मौजावार कैंप लगाकर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने को कहा गया।

बैठक में एनएचएआई, मेट्रो, रेलवे, पुल निर्माण निगम और पथ निर्माण विभाग सहित अन्य एजेंसियों की परियोजनाओं की समीक्षा की गई।

डीएम ने बताया कि वे स्वयं नियमित रूप से परियोजना स्थलों का निरीक्षण कर रहे हैं और समस्याओं का त्वरित समाधान कराया जा रहा है।

पटना मेट्रो परियोजना की प्रगति को संतोषजनक बताते हुए डीएम ने कहा कि यह शहर के सार्वजनिक परिवहन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

वहीं दानापुर-बिहटा एलिवेटेड कॉरिडोर, पटना-आरा-सासाराम एनएच-119ए और पटना रिंग रोड पर भी तेजी से कार्य जारी है।

अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि परियोजनाओं में आ रही बाधाओं को समन्वय से दूर कर साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।