NDA में कुशवाहा के बाद अब पासवान का पेंच, सीट शेयरिंग को ले चिराग ने दी चेतावनी
लोजपा सांसद व रामविलास पासवान के बेटे चिराग पासवान ने ट्वीट के माध्यम से राजग के अंतर्कलह को उजागर कर दिया है। उनकी बातों को अप्रत्यक्ष धमकी भी माना जा रहा है।
पटना [जेएनएन]। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से उपेंद्र कुशवाहा की विदाई के बाद भी 'ऑल इज वेल' नहीं दिख रहा है। कम-से-कम लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) सुप्रीमो रामविलास पासवान के बेटे चिराग पासवान के दो ट्वीट तो यही कह रहे हैं। ट्वीट में चिराग कहते हैं कि नाजुक दौर से गुजर रहे राजग में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बचे हुए साथियों का सम्मान करना चाहिए। एक अन्य ट्वीट में चिराग ने सीट शेयरिंग को ले अभी तक अनिर्णय पर भी चिंता जाहिर की है। ट्वीट से लगता है कि राजग से उपेंद्र कुशवाहा की विदाई के बाद अब रामविलास पासवान की पार्टी का पेंच फंस रहा है।
ट्वीट में कही ये बात
अपने ट्वीट में चिराग कहते हैं कि टीडीपी व रालोसपा के जाने के बाद गठबंधन नाज़ुक मोड़ से गुज़र रहा है। ऐसे समय में भारतीय जनता पार्टी गठबंधन में बचे हुए साथियों की चिंताओं को समय रहते सम्मानपूर्वक तरीक़े से दूर करे।
एक अन्य ट्वीट में चिराग पासवान लिखते हैं कि गठबंधन की सीटों को लेकर कई बार भारतीय जनता पार्टी के नेताओं से मुलाक़ात हुई, परंतु अभी तक कुछ ठोस बात आगे नहीं बढ़ पायी है। इस विषय पर समय रहते बात नहीं बनी तो नुक़सान भी हो सकता है।