दिवाली-छठ में घुसपैठ की साजिश रच रहे आतंकी, जानिए उनका टेरर प्लान
दिवाली व छठ के दौरान आतंकवादी नेपाल सीमा से होकर भारत में घुसने के फिराक में हैं। इसे लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं। जानिए क्या है आतंकवादियों का टेरर प्लान।
पूर्वी चंपारण [जेएनएन]। दिवाली व छठ के दौरान नेपाल के रास्ते भारत में आतंकियों की घुसने की आशंका है। इसके मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियों ने भारत -नेपाल सीमा पर अलर्ट जारी किया है।
खुफिया सूचना के मुताबिक, आंतकी संगठन छठ पर्व पर भारतीय जाली नोट का बड़ी खेप सीमावर्ती ग्रामीण रास्तों से भेजने के प्रयास में जुटे हैं। इसको लेकर एजेंसियों ने विशेष सतर्कता के निर्देश दिए हैं। इस बाबत सरकार को रिपोर्ट भेजी गई है।
रिपोर्ट के अनुसार 1750 किमी लंबी खुली सीमा के रास्ते आंतकियों ने भारत में घुसने का प्लान बनाया है। हाल में एसएसबी ने भारी मात्रा में भारतीय दो हजार के जाली नोट के साथ रक्सौल के एक युवक को गिरफ्तार किया था। उससे सुरक्षा एजेंसियों ने अलग-अलग पूछताछ की थी। उसने बताया था कि करीब पचास करोड़ भारतीय जाली नोट नेपाल आया है। इसे भारत भेजने कि साजिश है।
एजेंसियों ने पूरी पड़ताल के बाद सरकार को सूचना दी है। रक्सौल डीएसपी राकेश कुमार ने बताया कि पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है।