प्री-पेड टैक्सी की संख्या घटने से विमान यात्री परेशान
एक तरफ जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उड़ानों की संख्या बढ़ गई है, वहीं इस अनुरूप प्री-पेड टैक्सियां उपलब्ध नहंी हैं।
पटना । एक तरफ जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उड़ानों की संख्या बढ़ गई है, वहीं प्री-पेड टैक्सियों की संख्या घटने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। जल्द ही पटना एयरपोर्ट से 24 घंटे विमान उड़ान भरेंगे। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की तरफ से संचालित प्री-पेड टैक्सियों की उपलब्धता भी यात्रियों की बढ़ती संख्या के अनुरूप सुनिश्चित नहीं हो पा रही है।
पर्यटन निगम अपने वाहनों की बदौलत प्री-पेड टैक्सी सेवा चालू रखने का प्रयास कर रहा है। करीब एक दर्जन गाड़ियां उपलब्ध हैं। अनुबंध पर निजी टैक्सी के संचालन की योजना भी अब दम तोड़ती जा रही है। निजी वाहन मालिक पूर्व से निर्धारित दर पर टैक्सी देने को तैयार नहीं हैं। वहीं निगम निजी क्षेत्र की एजेंसियों को अपने बेड़े में शामिल कर प्री-पेड टैक्सियों के संचालन में रुचि नहीं ले रहा है। पहले निजी वाहनों के बदौलत यह सेवा उत्कृष्ट थी। एयरपोर्ट के अंदर प्री-पेड का काउंटर है। यहीं पर यात्री बुकिंग करा लेते हैं। पर्यटन निगम इस सेवा को मजबूत बनाने के लिए ऑनलाइन बुकिंग सुविधा देने की तैयारी में है। इसके लिए तकनीकी कार्यो को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
पर्यटन निगम के कमजोर प्रदर्शन के कारण निजी प्री-पेड टैक्सियां एयरपोर्ट पर अपनी मौजूदगी बढ़ाने के प्रयास में जुटी हैं। जल्द ही एयरपोर्ट से 24 घंटे विमान सेवा चालू हो रही है। हालांकि इसको ध्यान में रखकर निगम की तैयारी को लेकर कोई रणनीति नहीं दिख रही।
एयरपोर्ट का वाहन पार्किंग चार्ज बढ़ गया है। कॉमर्शियल वाहन चलाए जाते हैं। परंतु इनका कमीशन अब तक नहीं बढ़ पाया है। निगम को प्री-पेड टैक्सी सेवा के विस्तार पर गंभीरता से निर्णय लेना होगा। बोधगया और दरभंगा में भी अपना विस्तार करने पर निर्णय लेना होगा।
: अगले सप्ताह तक आ जाएंगी पांच गाड़ियां:
बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने टोयटा गाड़ी की खरीद प्रक्रिया को पूरा कर लिया है। एक सप्ताह में गाड़ियां आ जाएंगी। पर्यटकों को ध्यान में रख ये गाड़ियां खरीदी जा रही हैं। पर्यटन निगम के बेड़े में करीब 30 छोटी गाड़ियां हैं। 13 इनोवा 2016 में खरीदी गई थीं। चार इंडिका, दो यूडीएस, दो स्कॉर्पियो हैं। इसके साथ और छोटी गाड़ियां हैं। इसमें से 18 को छोड़कर अन्य गाड़ियां अब अच्छी स्थिति में नहीं हैं।
: मिनी बस की तरह दिखेगी 15 सीटर ट्रेवलर :
बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम मिनी बस की तर्ज पर 15 सीटर ट्रेवलर खरीद रहा है। अधिकारियों की मानें तो इस तरह के वाहनों की सख्त जरूरत थी।