बिहार : छठ के बाद ट्रेनें हुई हाउसफुल, फ्लाइट का किराया आसमानी
छठ पूजा के बाद बिहार से लौटने वालों को काफई परेशानी हो रही है। ट्रेनें हाउसफुल हैं तो हवाई किराया अासमान छूू रहा है।
पटना [जेएनएन]। छठ के बाद वापस लौटने वालों की भीड़ से ट्रेनें हाउसफुल हैं। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई सहित सभी प्रमुख स्टेशनों को जाने वाली ट्रेनों में वेटिंग की लंबी लिस्ट है। सोमवार को राजधानी एक्सप्रेस में 400 से अधिक का वेटिंग टिकट था। इसके कारण यात्रियों के लिए एक अतिरिक्त कोच लगाया गया।
पटना जंक्शन, पाटलिपुत्र स्टेशन और दानापुर स्टेशन पर लंबी दूरी की यात्रा करने वालों की भीड़ लगी रही। शुक्रवार को दिल्ली जाने वाली ट्रेनों के सामान्य बोगियां भी यात्रियों से भरी रहीं। विक्रमशिला एक्सप्रेस भागलपुर से ही भरी हुई आई।
संपूर्णक्रांति एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस सहित सभी ट्रेनें हाउस फुल चल रही हैं। जन साधारण एक्सप्रेस से यात्रा करने के लिए इतनी भीड़ उमड़ पड़ी कि कई लोग सवार भी नहीं हो सके। मुंबई जाने वाली ट्रेनों में भी ऐसा ही हाल रहा।
पाटलिपुत्र स्टेशन पर दिल्ली जाने वाली सीमांचल, नॉर्थ ईस्ट, गुवाहाटी दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस आदि में कई लोगों को जगह नहीं मिल सकी। कोलकाता और रांची जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस तथा पाटलिपुत्र से मुंबई जाने वाली लोकमान्य तिलक टर्मिनल सुपरफास्ट में भी सीटों का टोटा रहा।
राजेन्द्र नगर से खुलने वाली संपूर्णक्रांति एक्सप्रेस एवं दानापुर से खुलने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस के सामान्य बोगियों में तिल रखने की भी जगह नहीं थी। यात्रियों की शिकायत है कि आरपीएफ के जवानों द्वारा जबरन सीटें बेचीं जा रही हैं।
खोले गए अतिरिक्त टिकट काउंटर
यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेल प्रबंधन ने पटना जंक्शन, दानापुर, राजेन्द्र नगर, पाटलिपुत्रा स्टेशन पर अतिरिक्त यूटीएस काउंटर खोले। पटना जंक्शन व दानापुर में अतिरिक्त काउंटर खोले जा चुके हैं, जबकि राजेन्द्र नगर में मंगलवार से अतिरिक्त काउंटर खुलेंगे।
हवाई टिकट भी हुआ महंगा
ट्रेनों के साथ हवाई जहाज से यात्रा करना भी मुश्किल हो गया है। यहां टिकट मिल भी रहा है, तो काफी महंगा। प्लेन से दिल्ली जाने के लिए 14 हजार से 20 हजार रुपये के बीच टिकट मिल रहा है। बेंगलुरु और मुंबई के लिए भी हवाई टिकट दोगुनी कीमत पर मिल रहा है।