कचरा फैलाने वालों पर लगाना होगा जुर्माना, नहीं तो एसआइ पर होगी कार्रवाई
पटना में अब कचरा फैलाना महंगा पड़ेगा। इसके लिए नगर निगम सख्त हो गया है। नई व्यवस्था के तहत अब कचरा फैलाने पर जुर्माना लगाने का प्रवाधान कर दिया गया है।
पटना, जेएनएन। राजधानी के वार्डों में कचरा फैलाने वालों के खिलाफ अब सख्ती से जुर्माना वसूला जाएगा। जिन वार्डों में जुर्माना नहीं वसूला जा रहा है और कचरा फैलाया जा रहा है, ऐसे सफाई निरीक्षकों के खिलाफ कार्रवाई होगी। बुधवार को नूतन राजधानी अंचल मुख्यालय में सफाई निरीक्षकों की बैठक में यह जानकारी कार्यपालक पदाधिकारी शैलेश कुमार ने दी। उन्होंने कहा कि डोर-टू-डोर कूड़ा उठाव को लेकर नगर आयुक्त सख्त हैं। इसमें लापरवाही बरतने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
तय समय तक चलेंगे टिपर व रोबोट
कार्यपालक पदाधिकारी शैलेश कुमार ने बताया कि डोर-टू-डोर कूड़ा उठाव को लेकर अब वार्डों में तीन-तीन टिपर पहुंच चुके हैं। सभी गाडिय़ां तय समय तक निश्चित रूप से चलाया जाए। इसकी निगरानी वार्ड निरीक्षक और सुपरवाइजर को करनी है। जिन रूट से वाहन जा रहे हैं, इलाके के सभी घरों से जरूर कचरा उठाना सुनिश्चित कराना है। उन्होंने रोबोट के दो घंटा चलने पर कहा कि तय समय तक रोबोट को कचरा उठाना है। इसका अनुपालन नहीं करने पर चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई जाए।
प्लास्टिक कचरे को लेकर जागरूकता अभियान
पॉलीथिन बंद करने को लेकर प्लास्टिक कचरे को बैन करने को लेकर निगम की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए कार्यपालक पदाधिकारी ने सभी सफाई निरीक्षकों को टास्क सौंपा है। सभी को सब्जी मंडी, फल मंडी, मॉल, मछली बाजारों पर जाकर पॉलीथिन बंद करने को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।