वैशालीः पारिवारिक विवाद में मां-बेटे पर फेंका एसिड, धारदार हथियार से प्रहार कर किया गंभीर
बिहार के वैशाली जिले में पारिवारिक विवाद को लेकर मां-बेटे पर तेजाब फेंक कर जख्मी कर दिया गया। इतना ही नहीं हसुआ से प्रहार कर बेटे को गम्भीर रूप से जख्मी कर दिया।
वैशाली, जेएनएन। कुतुबपुर गांव में शनिवार रात घरेलू विवाद में एक व्यक्ति ने बहू और पोता पर एसिड फेंक दिया। इतने से भी मन नहीं भरा तो पोते पर हसुआ से भी वार कर दिया। मां-बेटे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हरेंद्र शर्मा की घायल पत्नी रेणु शर्मा और पुत्र मंजीत कुमार को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपित ससुर सत्यनारायण शर्मा सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।
गाली-गलौच का कारण पूछा तो हुआ आक्रोशित
घटना के लिए मिली जानकारी के अनुसार हरेंद्र शर्मा की पुत्री सिलाई-कटाई की ट्रेनिंग कर पगडंडी के रास्ते घर लौट रही थी। लौटने के क्रम में दादा सत्यनारायण शर्मा उससे गाली-गलौच करने लगा। यह सुनकर उसकी मां रेणु देवी व भाई मंजीत कुमार पहुंचे। कारण पूछा तो सत्यनारायण शर्मा आक्रोशित हो गया।
झुलसने के बाद चीखने लगे मां-बेटे
इसके बाद सत्यनारायण शर्मा पौड़ा सराय गांव निवासी अपने नाती रॉकी शर्मा की मदद से बहू रेणु देवी और पोता मंजीत कुमार पर तेजाब फेंक दिया। तेजाब से मां-बेटे झुलस गए। वे चीखने-चिल्लाने लगे। इस क्रम में मंजीत पर हसुआ से भी वार कर दिया। आवाज सुनकर रेणु शर्मा के पति हरेंद्र शर्मा दौड़कर पहुंचे। देखा कि पत्नी व पुत्र जमीन पर पड़े छटपटा रहे हैं। दोनों घायलों को पास के अस्पताल ले गए। वहां से दोनों को हाजीपुर रेफर कर दिया गया। इधर जानकारी मिलते ही बिदुपुर थानाध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। आरोपित सत्यनारायण शर्मा सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
घरेलू विवाद में जान लेने की नीयत से हमला
थानाध्यक्ष ने बताया कि घरेलू विवाद में जान मारने की नीयत से एसिड से हमला किया है। रेणु शर्मा के पति हरेंद्र शर्मा के आवेदन पर सत्यनारायण शर्मा, रॉकी शर्मा व सुधा देवी पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है। तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।