तीन महीने पहले जेल से छूटकर आए हत्या के आरोपित की पीट-पीटकर ली जान, जमकर बवाल
राजधानी में हत्या के आरोपित की पीट-पीटकर जान ले ली गई। बताया जाता है कि आरोपित जेल से छूटकर आने के बाद भी लोगों से मारपीट करता था।
पटना, जेएनएन। राजधानी के गौरीचक थाना क्षेत्र के नया टोला गांव में शुक्रवार की देर रात हत्या के आरोपित की पीट-पीटकर जान ले ली गई। लाठी-डंडे से पीटकर मारा गया युवक तीन महीने पहले ही जमानत पर जेल से छूटकर आया था। उसकी पहचान रोहन पासवान (35) के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतक के गांव वालों ने दूसरे पक्ष के गांव पर हमला कर दिया। इस दौरान घरों में घुसकर मारपीट के साथ हवाई फायरिंग भी की गई। साथ ही जमकर लूटपाट भी की गई। जानकारी होने पर गौरीचक थाने की पुलिस पहुंच गई है।
जेल से छूटकर आने के बाद भी मारपीट करने का था आरोप
बताया जाता है कि गौरिचक के गोपाल टोला गांव का रहने वाला रोहन पासवान 2013 में एक हत्या के आरोप में जेल गया था। तीन महीने पहले ही वे जेल से छुटकर आया था। मिली जानकारी के अनुसार जेल से आने के बाद भी वे सुधरा नहीं था। इस बीच कई बार उसपर मारपीट करने का आरोप लगा था।
आक्रोशित हो पीट-पीटकर ले ली जान
शुक्रवार को भी उसका बगल के एक गांव के किसी शख्स से विवाद हुआ था। इसी को लेकर दूसरे पक्ष के लोग आक्रोशित थे। शुक्रवार को मौका पाकर ग्रामीण रोहन पर टूट पड़े। इस दौरान लाठी-डंडे से उसकी जमकर पिटाई की गई। उसे तबतक मारा गया जबतक उसकी जान नहीं चली गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हुए आरोपित
वारदात को अंजाम देने के बाद ग्रामीण फरार हो गए। घटना के बाद मृतक के गांव के लोग आक्रोशित हो गए। बगल के गांव वालों पर हमला कर दिया। इस दौरान जमकर हवाई फायरिंग की गई। घर-घर में घुसकर महिला, बुजुर्ग और बच्चों के साथ मारपीट भी की गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि उनके साथ लूटपाट भी की गई। जानकारी होने पर बड़ी संख्या में पुलिस पहुंच गई है।