पटना के मीठापुर बस स्टैंड के सामने बर्फ फैक्ट्री में गैस रिसाव से भगदड़, एक बेहोश
राजधानी के मीठापुर बस स्टैंड के सामने बिहारी पथ स्थित बर्फ फैक्ट्री में शनिवार की शाम अमोनियम नाइट्रेट गैस के रिसाव से इलाके में भगदड़ मच गई।
पटना, जेएनएन। जक्कनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मीठापुर बस स्टैंड के सामने बिहारी पथ स्थित बर्फ फैक्ट्री में शनिवार की शाम अमोनियम नाइट्रेट गैस के रिसाव से इलाके में भगदड़ मच गई। 100 मीटर की परिधि में रहने वाले लोगों की आंखों में जलन के साथ दम घुटने लगा। एक लड़का बेहोश हो गया, जबकि बगल के होटल के दो लोगों को उल्टियां होने लगीं।
करीब चार घंटे तक बना रहा अफरातफरी का माहौल
सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कई थाने की पुलिस पहुंच गई। फैक्ट्री मालिक ने दमकल और तकनीशियन को जानकारी दी। देरशाम रेस्क्यू के लिए एनडीआरएफ की टीम ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ पहुंच गई। करीब चार घंटे तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। तकनीशियन की मदद से गैस रिसाव को रोका। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। फैक्ट्री के मालिक सोनू व नवीन पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
नोजल गिरकर हुआ क्षतिग्रस्त, निकलने लगी गैस
जानकारी के अनुसार, बिहारी पथ स्थित बर्फ फैक्ट्री के परिसर में ऑटो पार्किंग भी है। उसमें फैक्ट्री के कुछ कर्मचारी परिवार के साथ रहते हैं। शाम लगभग छह बजे बर्फ की सिल्ली निकालते वक्त नोजल गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया और उससे अमोनियम नाइट्रेट गैस निकलने लगी। गैस तेजी से फैल गई और एक कर्मचारी का सात वर्षीय बेटा बेहोश हो गया। इस बीच गैस मोहल्ले में फैल गई। बच्चे की मां उसे लेकर सड़क की तरफ चिल्लाते हुए दौड़ी तो आसपास के लोग भी भागने लगे। बगल के होटल में काम करने वाले विशाल सिंह और विजय बहादुर को उल्टियां होने लगी, जिसके बाद भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाया और एक-एक कर घर से बाहर निकाला। घटना के बाद करीब चार घंटे तक अफरातफरी मची रही। लोग इधर-उधर भागते रहे। इस दौरान एक लड़का बेहोश भी हो गया।