पटना में हत्या और खुदकुशी: पहले मामा को मारी गोली फिर खुद को भी कर लिया शूट
एक भांजे ने पहले मामा को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मारकर खुदकुशी कर ली, घटना में दोनों की मौत हो गई है।
पटना [जेएनएन]। केंद्रीय कारा बेउर के आवासीय क्वार्टर में रह रहे सिपाही संतोष कुमार सिंह को उसके भांजे विशाल कुमार सिंह (23 वर्ष) ने गुरुवार को गोली मार मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद वह अपनी मामी पूनम को भी मारने के लिए दौड़ा।
गोली चलने की आवाज और पूनम के शोर मचाने पर लोग इकट्ठा हो गए। इस बीच पुलिस भी पहुंच गई एवं घर की घेराबंदी कर ली। इस दौरान उसने खुद को गोली मारकर जान दे दी। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कट्टा, दो कारतूस, दो खोखे और आइ एम सॉरी लिखी चिट बरामद की है। पूनम के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पूनम के अनुसार जमीन विवाद के कारण विशाल ने वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार बेउर जेल के आवासीय क्वार्टर में जेल के पूर्व कक्षपाल एवं वर्तमान में गृह विभाग के आयुक्त के प्रतिनियुक्त पुनपुन के अकौना पकौली निवासी संतोष कुमार अपने परिवार के साथ रहते हैं। इसी परिसर में उनका भांजा विशाल कुमार भी रहता है।
संतोष की पत्नी पूनम के अनुसार सिंह सुबह उनकी बेटी और बेटा स्कूल गए थे और पति संतोष सुबह 8 बजे पूजा पर बैठे थे। इसी दौरान विशाल ने संतोष कुमार सिंह के मुंह में कट्टा घुसाकर गोली मार दी। इसके बाद विशाल पूनम की ओर दौड़ा। शोर मचाते हुए पूनम घर के बाहर भागी। गोली की आवाज से आवासीय परिसर में अफरातफरी मच गई।
स्थानीय लोग और 50 मीटर की दूरी पर स्थित थाने की पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने संतोष के घर की घेराबंदी कर दी। लोगों को देख विशाल घर की छत की ओर भाग गया। चंद सेकंड में गोली की आवाज आई। जब पुलिस छत पर पहुंची तो वहां विशाल का शव पड़ा था। पुलिस ने मौके से कट्टा, दो कारतूस, दो खोखे और विशाल की जेब से एक कागज बरामद किया। काजग पर आइ एम सॉरी लिखा है।
एक कट्ठा जमीन खूनी खेल की वजह
पूनम ने बताया कि उनके पति संतोष कुमार सिंह ने बिहटा के नजदीक एक जमीन खरीदी थी। उस जमीन को वह बेचने की योजना बना रहे थे। विशाल जमीन बेचने का विरोध कर रहा था। विवाद बढ़ा तो पंद्रह दिन पहले संतोष ने विशाल को घर से निकाल दिया था। पूनम के अनुसार हत्या का कारण जमीन विवाद है।
मामा के घर में रहकर कर रहा था प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी
विक्रम निरपुरा निवासी विशाल कुमार सिंह (23) दो वर्ष पहले ही मामा के घर आया था। यही रहकर प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहा था। विशाल का पूरा खर्च संतोष ही उठाते थे।
विरोधाभाषी बयान
पूनम के अनुसार विशाल ने संतोष के मुंह में कट्टा घुसाकर गोली मारी है। वहीं, पुलिस का कहना है कि संतोष को पीछे से सिर में गोली मारी गई और आगे से निकल गई। वहीं पूनम पूजा के दौरान गोली मारने की बात कर रही है। जबकि स्थानीय लोगों का कहना है कि संतोष बच्चे को स्कूल छोड़कर जैसे ही घर में घुसे गोली की आवाज सुनाई दी।
प्रेम प्रसंग तो नहीं वारदात का कारण
पुलिस को शक है कि विशाल का किसी लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसकी भनक घरवालों को लग गई थी। यही विवाद वारदात का कारण बना। हालांकि इसपर साफ तौर पर पुलिस बोलने से इन्कार कर रही है।