खाने में मिला कंकड़ तो बिदका दूल्हा, कहा- नहीं करूंगा शादी, लोगों ने बनाया बंधक
मुजफ्फरपुर जिले के करजा थानाक्षेत्र के झखड़ा गांव में शादी में नाश्ते में कंकड़ मिलने के बाद दूल्हे ने शादी करने से इंकार कर दिया। लोगों ने दूल्हे समेत बरातियों को बंधक बना लिया।
मुजफ्फरपुर [जेएनएन]। मड़वन प्रखंड के करजा थाना क्षेत्र के झखड़ा नवादा गांव में शादी में दूल्हे के नाश्ते में कंकड़ मिलने से बराती व सराती पक्ष में धमासान छिड़ गया। दूल्हे ने शादी करने से साफ इंकार कर दिया। इतना सुनना था कि वधू पक्ष के लोग तैश में आ गए और दूल्हे समेत बरातियों को बंधक बना लिया।
जगन्नाथा राय की पुत्री सोनम की शादी बहादुरपुर गोरौल निवासी नरेश राय के पुत्र मिथिलेस राय से तय हुई थी। बराती तय समय पर बुधवार को झखड़ा नवादा गांव पहुंची। धूमधाम से दरवाजा लगा। सभी को नाश्ता कराया जा रहा था। दूल्हा को भी नाश्ता दिया गया।
उसके नाश्ते में किसी ने कंकड़ रख दिया था। इसे देखकर वह तैश में आ गया और कंकड़ को फेंक दिया, जिसमें सराती पक्ष से एक चोटिल हो गया। इसके बाद दोनों पक्ष में तू-तू, मैं-मैं शुरू हो गया। कुछ ही देर में मामला मारपीट तक पहुंच गया। जब किसी तरह मामला शांत हुआ तो दूल्हे ने सराती पक्ष पर गहने लूटने का आरोप लगाते हुए शादी से इंकार कर दिया।
इससे कन्या पक्ष के लोग गुस्सा गए और बरातियों को बंधक बना लिया। जानकारी मिलने पर गुरुवार को स्थानीय मुखिया तारकेश्वर गिरी व गॉव के बुद्धिजीवियों की पहल पर दोनों पक्ष में समझौता कराया। जिसके बाद शादी की रस्म पूरी कराई गई।
पंचायत के मुखिया तारकेश्वर गिरी ने बताया की पंचायती के दौरान वर पक्ष ने गहना लूटे जाने के झूठे आरोप को स्वीकार किया है। जिसके बाद समझाकर शादी करा बरातियों को भी नाश्ते के बाद विदा कर दिया गया है।