तरकारी महोत्सव में 90 किसान होंगे पुरस्कृत
राजधानी पटना के ज्ञान भवन में चल रहे तरकारी महोत्सव में सब्जी के सर्वश्रेष्ठ उत्पादक 90 किसानो को सम्मानित किया जाएगा।
पटना। राजधानी पटना के ज्ञान भवन में चल रहे तरकारी महोत्सव में सब्जी के सर्वश्रेष्ठ उत्पादक 90 किसानों को पुरस्कृत किया जाएगा। कृषि मंत्री डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि किसानों को सब्जी की खेती के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से तरकारी महोत्सव का नियमित आयोजन किया जाएगा। दूसरे दिन करीब पांच हजार लोगों ने प्रदर्शनी का आनंद लिया।
कृषि मंत्री ने कहा कि कुल 26 वर्ग में 90 किसानों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। समस्तीपुर और मधेपुरा जिले के तीन-तीन, वैशाली के आठ, सारण के 10, गया और पश्चिमी चंपारण के चार-चार, पूर्णिया के नौ, नालंदा के छह और अन्य जिलों के दो-दो किसानों का चयन किया गया है। प्रदर्शनी में शामिल फसलों का मूल्यांकन बिहार कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों की टीम ने किया है, जिसमें भारतीय बागवानी अनुसंधान संस्थान बेंगलुरू के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. एम. पिचाई मुत्थु भी शामिल हैं।
कृषि मंत्री ने कहा कि तरकारी महोत्सव में बड़ी संख्या में किसानों के भाग लेने से विभाग की जवाबदेही बढ़ी है। सब्जी की नई तकनीक से खेती को बढ़ावा देने के लिए यह आयोजन किया गया है। इससे राज्य में जैविक सब्जी के उत्पादन में वृद्धि होगी। बाजार का विस्तार होगा एवं किसान नई तकनीक से परिचित होंगे। इससे किसानों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना आएगी। उन्होंने कहा कि अगले कुछ महीने में 15 हजार किसानों को ड्रिप सिंचाई पद्धति का लाभ दिया जाएगा। प्रदर्शनी में बिहार कृषि विश्वविद्यालय की ओर से विदेशी सब्जियों को प्रदर्शित किया गया। मशरूम स्टॉल पर भी भीड़ लगी रही।