पटना पर बरसेगा 50 लाख का रंग, मंडियों में लखनऊ और दिल्ली के हर्बल गुलाल
पटना की थोक मंडियों में सेहत को नुकसान न पहुुंचाने वाले रंग आ गए हैं। ये लखनऊ और दिल्ली से लाए गए हैं।
पटना, जेएनएन। इस बार होली पर रंगों से सराबोर हो जाएगी राजधानी। पटना की मंडियों में मेरठ, दिल्ली व लखनऊ से हर्बल गुलाल बिक्री को लाया गया है। इसके लिए आपको जेब जरूर थोड़ी हल्की करनी होगी। लोग सेहत को ध्यान में रखकर हर्बल रंग और गुलाल की खरीदारी कर रहे हैं। थोक मंडी मच्छरट्टा में रंग अबीर और गुलाल की बिक्री परवान चढ़ गई है। ब्रांडेड क्षेत्र में पटना सिटी के गुलाल की भी दखल है। यहां के गुलाल बिहार के साथ ही झारखंड के यूपी के कुछ शहरों में अपनी सुगंध बिखेर रहे हैं।
सिटी का रंग उद्योग भी रंगीन
रंग बनाने के लिए पटना सिटी में करीब आधा दर्जन ब्रांडेड कंपनी है। त्योहार के मौसम में उभरने वाली गैर ब्रांडेड कंपनी की संख्या भी लगभग एक दर्जन है। जो, मौसम के अनुकूल रंग का निर्माण करते हैं। उद्यमियों की माने तो रंग बनाने में इस्तेमाल आने वाली सामग्री मुंबई, दिल्ली, कानपुर व अहमदाबाद से आती है। तैयार रंग को डिब्बा और पाउच में पैक कर बेचा जाता है। प्रदेश के सभी जिला से व्यापारी रंग और अबीर खरीदने के लिए आते हैं।
बिक्री का रंग परवान चढ़ा
गुलाल के निर्माण व बिक्री में लगे नन्हकी मिश्र, व अमित ने बताया कि इस समय बिक्री का रंग परवान चढ़ा है। इस वजह से कारखाना में दिन रात अबीर-गुलाल बनाने का काम चल रहा है। उद्यमियों ने बताया कि रंग अरारोट और सेंट के मिश्रण से अबीर-गुलाल तैयार होता है। हर्बल गुलाल थोक मंडी में मेरठ, लखनऊ व दिल्ली से आता है। दूसरी ओर सस्ते पाउडर का इस्तेमाल कर भी गुलाल बनाया जाता है। गुलाल फतुहा और लखीसराय से बिक्री के लिए पटना की मंडियों में आता है। ब्रांडेड कंपनी के गुलाल 100 व 200 ग्राम के पैकेट में है, वहीं सस्ता गुलाल 10, 25 और 50 किलो की बोरी में पैक होता है। हालांकि लोगों के जागरूक होने की स्थिति में अब बोरी पैक का चलन कम हो गया है। इसके साथ ही खुले रंग और अबीर की लोग मांग नहीं करते हैं।
स्प्रे रंग का जलवा, पोटीन की भी हो रही खरीदारी
होली के रंगीन बाजार में खुशबू व झाग वाले स्प्रे रंग के साथ हर्बल रंग का जलवा है। जबकि, पोटीन को भी खरीदार तरजीह दे रहे हैं। जी हां, त्योहार को ले सजे बाजार में यह सब उपलब्ध है। थोक मंडी मच्छरहट्टा में कारोबार से जुड़े व्यवसायी की माने तो चाइनिज आइटम में खुशबू व झाग वाले स्प्रे रंग और हर्बल रंग भी उपलब्ध है। बाजार में दिल्ली व मुंबई से आये रंग उपलब्ध है। लोगों की पसंद को देखते हुए स्थानीय उद्योग के स्प्रे रंग और पोटीन भी बाजार उपलब्ध हैं। जो, बाहर से आने वाले उत्पादों की तुलना में थोड़े सस्ते हैं। इसके कद्रदान भी कम नहीं हैं।