नगर निगम : गर्मी और सिर फुटौव्वल के बीच पटना में मात्र 46 फीसद वोटिंग
बिहार की राजधानी पटना के 75 वार्डों में रविवार को नगर निगम चुनाव की वोटिंग हुई। इसमें केवल 46 फीसद वोट पड़े। रविवार को कटिहार की बारसोई नगर पंचायत में भी मतदान हुआ।
पटना [जेएनएन]। गर्मी और मारपीट की घटनाओं के बीच रविवार को पटना नगर निगम चुनाव में मात्र 46 फीसद मतदान हुआ। राजधानी में 'स्थानीय सरकार' चुनने के लिए अधिसंख्य नागरिक घर से ही नहीं निकले। हाल के वर्षों में पटना में यह सबसे कम मतदान है। पटना नगर निगम के 75, बारसोई (कटिहार) नगर पंचायत के 17 वार्डों के वोट पड़े। बारसोई नगर पंचायत में 71 प्रतिशत लोगों ने वोट डाले।
प्रत्याशी भिड़े, जमकर मारपीट हुई
राज्य निर्वाचन आयुक्त एके चौहान ने बताया कि पटना में मतदान के दौरान कुछ स्थानों पर मारपीट होने की जानकारी मिली है। वार्ड संख्या 8 के मतदान केंद्र 9, 10, 19, 20 और 21 के बाहर प्रत्याशी रीता रानी तथा आभा लता समर्थकों के बीच मारपीट हुई। दोनों पक्ष के लोगों पर प्राथमिकी के निर्देश दिए हैं। इसी प्रकार मतदाता सूची में नाम न शमिल होने की वजह से वार्ड संख्या दस के बूथ नंबर 15 और 16 पर मतदाताओं ने हंगामा किया।
पुलिस ने हंगामे पर नियंत्रण के लिए हल्का बल प्रयोग किया और स्थिति को काबू में किया जा सका। आयुक्त ने बताया कि कुछ स्थानों से ईवीएम में खराबी की जानकारी भी मिली है। वार्ड 69 के संस्कृत मध्य विद्यालय मंसूरगंज के बूथ 8 पर ईवीएम में खराबी की वजह से मतदान आधे घंटे बाद शुरू हुआ।
वार्ड संख्या 43 के बूथ 14 पर भी ईवीएम में गड़बड़ की वजह से आधे घंटे विलंब से मतदान शुरू हुआ। वार्ड 61 के मध्य विद्यालय महेशपुर बूथ नंबर तीन पर भी आधे घंटे विलंब से मदान शुरू हुआ। श्री चौहान ने बताया कि पटना नगर निगम के बाहरी क्षेत्र में अगला मतदान सात जून को होगा।
यह भी पढ़ें: बिहार बोर्ड के फर्जी टॉपर पर बोले लालू, 'गणेश' को मिला 'लड्डू'
पटना और बारसोई के साथ ही मुंगेर नगर निगम के वार्ड संख्या 32 में भी मतदान कराया गया। तीनों नगर निकायों को मिलाकर कुल 16,82,330 मतदाताओं ने अपने वोट के अधिकार का इस्तेमाल किया। सिर्फ पटना नगर निगम क्षेत्र में 1665017 लोगों ने वोट डाले। पटना नगर निगम क्षेत्र में 1512 मतदान केंद्र बनाए गए थे।
यह भी पढ़ें: पटना नगर निगम चुनाव: फर्स्ट टाइम वोटरों में दिखा उत्साह, मतदान बना उत्सव