बिहार के अफसरों के लिए जरूरी खबर, अब विधायकों के सवालों का गलत जवाब देना पड़ेगा भारी
विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि बिहार में ऐसा पहली बार हुआ है। उन्होंने विधायकों से आग्रह किया कि किसी प्रश्न का अगर गलत उत्तर मिलता है तो शिकायत करें। मैैं खुद संज्ञान लूंगा और दोषी साबित होने पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई भी होगी।
राज्य ब्यूरो, पटना : सरकार की सजगता और विधानसभा तत्परता के कारण मानसून सत्र के दौरान सदन में सदस्यों के पूछे गए सारे सवालों के जवाब दिए गए हैं। विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि बिहार में ऐसा पहली बार हुआ है। उन्होंने विधायकों से आग्रह किया कि किसी प्रश्न का अगर गलत उत्तर मिलता है तो शिकायत करें। मैैं खुद संज्ञान लूंगा और दोषी साबित होने पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई भी होगी। विधानसभा अध्यक्ष गुरुवार को मीडिया को संबोधित कर रहे थे।
18 विभागों का जवाब सत्र के पहले आया
विजय सिन्हा ने बताया कि मानसून सत्र में 18 विभागों का जवाब सत्र के पहले आया। द्वितीय सत्र में 29 विभागों ने सारे सवालों के जवाब दिए थे। यह ऐतिहासिक है। सदन की कार्यवाही को फेसबुक और यू-ट्यूब पर पहली बार प्रसारित किया गया। विधानसभा में कोविड डेस्क बनाकर टीके लगवाए गए। तीसरी लहर का असर अगर नहीं हुआ तो 15 अगस्त के बाद शताब्दी वर्ष समारोह की शुरुआत करेंगे।
बिहार विधानसभा का संदेश दूसरे प्रदेशों तक जाएगा
स्पीकर विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बिहार विधानसभा का संदेश दूसरे प्रदेशों तक जाएगा। पिछले सत्र में 569 तारांकित प्रश्नों के जवाब आ गए। मानसून सत्र में भी 18 विभागों के जवाब सत्र से पहले आ गए। इसके कारण सदन में सार्थक विमर्श हो सका। सारे सवालों के जवाब विधानसभा की वेबसाइट पर जारी किए जा चुके हैं।
आचार समिति की रिपोर्ट पर होगी कार्रवाई
बजट सत्र के दौरान विधानसभा परिसर में सदस्यों के साथ मारपीट के सवाल पर स्पीकर विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि आचार समिति मामले को देख रही है। उसकी रिपोर्ट के आधार पर हम दोनों पक्षों को देखेंगे और हर हाल में सदन की गरिमा बरकरार रखी जाएगी। विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि मेरा मानना है कि सजगता, निर्भीकता, निष्ठा और ईमानदारी के साथ विधायिका जनता के प्रति जवाबदेह है।