पटना से झारसूगोड़ा के लिए सीधी उड़ान, किराया भी हुआ कम, ओडिशा में रहने वाले बिहारी खुश
जatna To Jharsuguda Flight बिहार की बड़ी आबादी ओडिशा में रहकर नौकरी अथवा व्यापार कर रही है। स्पाइस जेट की ओर से पटना-झारसूगोड़ा के लिए नियमित विमान सेवा शुरू करने की घोषणा की गई थी जो अब शुरू हो गई है।
जागरण संवाददाता, पटना। बिहार की बड़ी आबादी ओडिशा में रहकर नौकरी अथवा व्यापार कर रही है। झारसूगोड़ा से उड़ीसा के अधिकांश शहरों की दूरी कम ही है। इसी कारण से यहां से पटना के लिए सीधी फ्लाइट की डिमांड काफी दिनों से की जा रही थी। स्पाइस जेट की ओर से पटना-झारसूगोड़ा के लिए नियमित विमान सेवा शुरू करने की घोषणा की गई थी, जो अब शुरू हो गई है।
पहले दिन फुल होकर आई फ्लाइट
पहली मई से स्पाइस जेट की ओर से झारसूगोड़ा के लिए नई विमान सेवा शुरू कर दी गई है। इस विमान सेवा के शुरू होने से उड़ीसा में रहने वाले बिहारियों को अधिक खुशी हुई है। विमान सेवा शुरू होने के बाद पहले ही दिन यह फ्लाइट पूरी तरह हाउसफुल होकर पटना पहुंची। इस सेवा के शुरू होने से ओडिशा में रहने वाले बिहारियों को अधिक खुशी हुई है।
पहले कोलकाता होकर पड़ता था जाना
स्पाइस जेट के स्टेशन प्रबंधक एस.हसन ने बताया कि इस विमान की मांग काफी दिनों से की जा रही थी। पहले यहां के यात्री वाया कोलकाता अथवा दिल्ली झारसूगोड़ा जाते थे, जिसमें दस-दस घंटे का समय लग जाता था। अब पटना से सवा घंटे में झारसूगोड़ा पहुंचने लगे हैं। इससे वहां रह रहे लोगों को अब अपना घर नजदीक लगने लगा है। विमान सेवा शुरू होने के साथ ही बड़ी संख्या में लोग यात्रा भी करने लगे हैं।
अब यात्रा के लिए देने होंगे इतने पैसे
स्टेशन प्रबंधक ने बताया कि विमान संख्या एसजी 3724 पटना से झारसूगोड़ा के लिए 15.05 बजे उड़ान भरेगी और 16.20 बजे झारसूगोड़ा पहुंचेगी। झारसूगोड़ा से यह पुन: 16.40 बजे उड़ान भरकर वापस 17.05 बजे पटना पहुंचेगी। यह विमान प्रतिदिन इसी समय सारणी से उड़ान भरेगा। इस विमान का न्यूनतम किराया 3200 रुपये के आसपास तय किया गया है। इससे यात्रियों को अब पहले से कम पैसा चुकाना होगा। पहले उन्हें 7500 के आसपास किराया देना पड़ता था।