बिहार में मुखिया का चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे युवक की हत्या, गुस्साए लोगों ने जलाई पुलिस जीप
बिहार के सारण जिले के बनियापुर में गोली मारकर युवा वार्ड सदस्य की हत्या कर दी गई। मारा गया युवक इस बार के पंचायत चुनाव में मुखिया पद से किस्मत आजमाने की तैयारी में जुटा था। उसका शव घर से थोड़ी ही दूर पर पड़ा मिला।
छपरा, जागरण संवाददाता। Murder in Chapra: बिहार के सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र के भुसाव पंचायत के वार्ड नंबर 12 के सदस्य सद्दाम हुसैन की हंसराज पुर गांव की खेत में गोली मारकर मंगलवार की रात में अपराधियों ने हत्या कर दी। वार्ड सदस्य के हत्या की जानकारी पुलिस एवं परिजनों को बुधवार की सुबह में हुई, जिसके बाद पुलिस खोजबीन में जुट गई।
मुखिया का चुनाव लड़ने की कर रहे थे तैयारी
प्राप्त जानकारी के मुताबिक हरिहरपुर गांव निवासी एवं वार्ड सदस्य सद्दाम हुसैन अपने पंचायत से मुखिया का चुनाव लड़ने के लिए जनसंपर्क अभियान में जुटा हुआ था। इसी को लेकर मंगलवार की रात में भी वह जनसंपर्क अभियान कर रहा था। जिसके बाद वह घर लौट कर नहीं गया। बताया जाता है कि रात्रि में ही बनियापुर थाने की गश्ती पुलिस को सद्दाम हुसैन की बाइक एवं मोबाइल हंसराज पुर गांव के सड़क किनारे खड़ी मिली। मोबाइल मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया और इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजन एवं पुलिस उसकी खोजबीन में जुट गए।
घर से 100 मीटर दूरी पर ही मिला शव
पुलिस और परिवार की खोजबीन के दौरान घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर खेत में सद्दाम हुसैन का शव बरामद किया गया है। उसके सिर में गोली मारी गई है, जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि रात्रि 8:00 बजे तक सद्दाम हुसैन देखा गया है। उसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चला। पुलिस मोबाइल सर्विलांस एवं अन्य तकनीकों से मामले की तहकीकात में जुट गई है। इस घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। बाहर हाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। बताया जाता है कि जिस जगह पर युवक का शव बरामद हुआ है उसके 100 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे उसकी बाइक एवं मोबाइल को पुलिस ने बरामद किया है।
हत्या के बाद लोगों ने किया बवाल, पुलिस की गाड़ी में लगाई आग
सारण जिला के बनियापुर थाना क्षेत्र के भूसाव पंचायत के वार्ड नंबर 12 के वार्ड सदस्य की गोली मारकर हत्या के बाद लोगों ने जमकर बवाल किया। बुधवार को घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर हमला कर दिया जिसमें कई पुलिसकर्मी जख्मी हुए हैं। इस दौरान आक्रोशित लोगों द्वारा पुलिस की एक गाड़ी में आग लगा दी गई जबकि अन्य तीन गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। अधिकारियों के काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ इसके बाद लोगों ने शव को पुलिस को उठाने दिया।
पुलिस की कई गाड़ियों को किया क्षतिग्रस्त
बताया जाता है कि वार्ड सदस्य की हत्या के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर रही थी। इसी बीच पुलिसिंग व्यवस्था से नाराज लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। लोगों के आक्रोश को देखकर चार पांच थानों की पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई और मढ़ौरा डीएसपी इसकी तहकीकात करने में जुट गए। देखते-देखते लोगों का गुस्सा परवान चढ़ गया और लोगों ने जलालपुर थाने की पुलिस गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। देखते-देखते गाड़ी धू-धू कर जलने लगी। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने पुलिस की अन्य गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। काफी देर तक लोगों ने जमकर बवाल काटा। बाद में काफी मशक्कत के बाद पुलिस स्थिति पर काबू पाई और इसके बाद शव को उठाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दी। हत्या के सभी कारणों पर पुलिस सघन जांच कर रही है।