Lalu Yadav Health Update: बीमार लालू की सेहत के लिए CM नीतीश की शुभकामनाएं, खोला फोन नहीं करने का राज
Lalu Prasad Yadav Health Update आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव बेहद बीमार हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनके अचछे स्वास्थ्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही यह भी बताया कि वे लालू की सेहत जानने के लिए फोन क्यों नहीं करते हैं।
पटना, स्टेट ब्यूरो। Lalu Prasad Yadav Health Update राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सु्प्रीमो लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) बेहद बीमार हैं। उन्हें रांची के रिम्स (अस्पताल) से दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (Delhi AIIMS) में भर्ती कराया गया है। इस बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। साथ ही यह भी बताया कि पहले की तरह वे आजकल लालू के स्वास्थ्य का हाल जानने के लिए फोन क्यों नहीं करते हैं। जनता दल यूनाइटेड (JDU) प्रदेश कार्यालय में आयोजित कर्पूरी जयंती (Karpoori Jayanti) समारोह से लौटने के क्रम में उन्होंने ये बातें कहीं।
नीतीश ने की लालू के जल्द स्वस्थ होने की कामना
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की अस्वस्थता पर कहा कि वे जल्द स्वस्थ हो जाएं। उन्हें तकलीफ से छुटकारा मिले। वे तो पहले भी उनके स्वास्थ्य का हाल-चाल लेते रहे हैं। लालू प्रसाद यादव की अस्वस्थता की जानकारी उन्हें मीडिया से मिलती रहती है।
पहले करते थे फोन, अब मीडिया से ही लेते जानकारी
लालू के स्वास्थ्य के बारे में उन्होंने जानकारी ली या नहीं, इस सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस समय वे लालू प्रसाद यादव के साथ नहीं भी थे, उस समय भी उनके स्वास्थ्य का हाल लेते रहते थे। लोगों को याद होगा कि जब उन्होंने लालू के स्वास्थ्य का हाल लिया तो उनकी देखरेख करने वाले ने क्या-क्या टिप्पणी की। इसके बाद उन्होंने कह दिया कि वे अब फोन पर हाल-चाल नहीं लेंगे। मीडिया से ही उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेते रहते हैं। माना जा रहा है कि नीतीश कुमार का इशारा तेजस्वी यादव की ओर था।
नए वित्तीय वर्ष में पुरानी योजनाओं को पूरा करने का लक्ष्य
मीडिया से बातचीत के दौरान बिहार के बजट के संबंध में उन्होंने कहा कि नए वित्तीय वर्ष में पुरानी योजनाओं को पूरा किए जाने का लक्ष्य रहेगा। विकास से जुड़ी जो योजनाएं अधूरी हैं। उनके लिए व्यवस्था की जाएगी और लक्ष्य यह रहेगा कि वे पूरी हो जाएं। इसके अतिरिक्त सात निश्चय- 2 के तहत जो योजनाएं ली गयी हैं, उनके लिए भी इंतजाम किया जाएगा। इसी वर्ष सात निश्चच-2 की योजनाएं शुरू हो जाएंगी। सारी तैयारियां चल रही हैं। बजट समय पर आएगा। कैबिनेट से बजट की तारीख पहले से तय है। स्वाभाविक है कि बजट के साथ-साथ इस साल के लिए सप्लीमेंट्री भी आएगा।