दिल्ली एम्स में भर्ती लालू को एक-दो नहीं 16 बीमारियां, जानिए कितने गंभीर हैं हालात और डॉक्टरों की बात
Lalu Prasad Yadav Health Update आरजेडी सु्प्रीमो लालू प्रसाद यादव का इलाज दिल्ली एम्स में चल रहा है। उन्हें बीती रात रांची से दिल्ली लाया गया। लालू को किडनी व हृदयरोग सहित कुल 16 बीमारियां हैं। उनकी स्थिति और डॉक्टरों की बात जानिए इस खबर में।
पटना, बिहार ऑनलाइन डेस्क। Lalu Prasad Yadav Health Update राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) की स्थिति गंभीर बनी हुई है। दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (Delhi AIIMS) के कार्डियोलॉजी सेंटर की क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) में आज उनका दूसरा दिन है। एक-दो नहीं, कुल 16 बीमारियों से ग्रस्त आरजेडी सुप्रीमो के इलाज को लेकर एम्स प्रबंधन ने मेडिकल बोर्ड का गठन कर दिया है। उनकी स्थिति में कल से कुछ सुधार हुआ है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस बीच बिहार में उनकी पार्टी के नेता-कायकर्ता चिंतित हैं तो समर्थक भी जगह-जगह उनकी सेहत के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
रांची रिम्स में बिगड़ी तबीयत तो भेजे गए दिल्ली एम्स
विदित हो कि चारा घोटाला (Fodder Scam) के सिलसिले में सजा पाए बीमार लालू प्रसाद यादव रांची के रिम्स (अस्पताल) में भर्ती थे। दो दिनों पहले उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई थी। इसके बाद शुक्रवार को एक्सरे में न्यूमोनिया का संक्रमण पाए जाने के बाद शनिवार को भी सीटी स्कैन की रिपोर्ट में न्यूमोनिया की पुष्टि हो गई। शुक्रवार को उनके एनटी प्रो बीएनपी टेस्ट की रिपोर्ट से भी अच्छे संकेत नहीं मिले। डॉक्टरों के अनुसार इस ब्लड टेस्ट के माध्यम से हृदय की स्थिति का आकलन किया जाता है। लालू प्रसाद यादव की स्थिति को देखते हुए रिम्स के मेडिकल बोर्ड ने उन्हें दिल्ली एम्स रेफर कर दिया। इसके बाद शनिवार देर रात उन्हें रांची से एयर एंबुलेंस से आनन-फानन में दिल्ली ले जाया गया।
इलाज के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम गठित
दिल्ली एम्स के कार्डियो न्यूरो सेंटर की आइसीयू में देर रात से लालू प्रसाद यादव का इलाज चल रहा है। बीमार लालू प्रसाद यादव 16 बीमारियों से घिरे हैं। लालू पुराने हृदय रोगी हैं। बायपास सर्जरी के अलावा उनके हृदय के अन्य ऑपरेशन भी हुए हैं। उनकी किडनी भी करीब एक चौथाई ही काम कर रही है। इसके अलावा वे डायबिटिज व उच्च रक्तचाप के भी मरीज हैं। उनके इलाज के लिए डॉ. राकेश यादव के नेतृत्व में विशेषज्ञ वरिष्ठ डॉक्टरों की एक टीम गठित की गई है।
लालू प्रसाद यादव की तबीयत में कुछ सुधार
देर रात से लालू प्रसाद यादव की तबीयत में कुछ सुधार हुआ है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। लालू परिवार के सूत्रों के अनुसार उन्होंने कल रात खाना खाया तथा आज सुबह में भी नाश्ता किया। हालांकि, एम्स ने लालू के स्वास्थ्य को लेकर ऑपचारिक मेडिकल बुलेटिन अभी तक जारी नहीं की है।