कार्तिक पूर्णिमा का स्नान और गुरुनानक की जयंती आज, चंद्रग्रहण और नाटक भी देखें
Patna News Today आज का दिन धार्मिक सांस्कृतिक और खगोलीय नजरिये से बेहद महत्वपूर्ण है। पटनावासियों को भी इन चीजों से रूबरू होने का मौका आज मिलेगा। आज चंद्रग्रहण भी लग रहा है। शहर में आज होने वाले अन्य आयोजनों की जानकारी यहां हासिल करें।
पटना, जेएनएन। आज का दिन धार्मिक, सांस्कृतिक और खगोलीय नजरिये से बेहद महत्वपूर्ण है। पटनावासियों को भी इन चीजों से रूबरू होने का मौका आज मिलेगा। आज पटना के गंगा घाटों और मंदिरों में कार्तिक पूर्णिमा की धूम रहेगी। रात के अंधेरे में ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं के स्नान-ध्यान का सिलसिला तेज हो गया है। हालांकि इस बार लॉकडाउन की बंदिशें, कोरोना संक्रमण का डर और छोटी दूरी की ट्रेनों का परिचालन बंद होने से भीड़ काफी कम है। प्रशासन और पुजारियों ने भी कोरोना संक्रमण से बचते हुए कार्तिक पूर्णिमा का पर्व मनाने की अपील की है। श्रद्धालुओं से अपील की जा रही है कि वे भीड़ से बचने के लिए गंगा घाट जाने की बजाय अपने घर में ही स्नान कर पूजा-अर्चना कर लें। आज चंद्रग्रहण भी लग रहा है। शहर में आज होने वाले अन्य आयोजनों की जानकारी यहां हासिल करें।
तख्त श्री हरिमंदिर में मन रही गुरुनानक की जयंती
पटना साहिब स्थित तख्त श्री हरिमंदिर में आज सिखों के पहले गुरु गुरुनानक देव जी का प्रकाश पर्व मनाया जा रहा है। यहां करीब एक हफ्ते से आयोजन हो रहे हैं। आज यहां मुख्य समारोह का आयोजन होगा, जिसमें देश-विदेश के श्रद्धालु हिस्सा लेंगे।
दिन में ही लग रहा चंद्रग्रहण, पंडितों के मुताबिक कोई असर नहीं
श्रीकृष्ण विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार पटना में शाम 5 से 5.22 बजे के बीच चंद्रग्रहण दिखेगा। हालांकि पंडितों के मुताबिक इस चंद्रग्रहण का कोई धार्मिक असर नहीं है। धर्मशास्त्रों में इसे छाया ग्रहण बताया गया है। शास्त्रों के मुताबिक इसका कोई प्रभाव धार्मिक कृत्यों और दिनचर्या पर नहीं पड़ता।
नहीं लग रहा सोनपुर और राजगीर का मेला
पटनावासियों के लिए यह जरूरी जानकारी है कि इस बार कोरोना संक्रमण के कारण सोनपुर और राजगीर में कार्तिक का मेला नहीं लग रहा है। प्रशासन ने इसके लिए अनुमति नहीं दी है। सोनपुर मेले के सैकड़ों साल पुराने इतिहास में ऐसा मौका शायद ही आया हो।
यहां जानिए आज शहर में और क्या-क्या
-स्वच्छता को लेकर नुक्कड़ नाटक का आयोजन, मौर्यलोक परिसर में दोपहर 12:00 बजे।
-मिसेज इंडिया क्वीन ऑफ ब्यूटी का सेमीफाइनल राउंड, होटल मौर्य में शाम 4:00 बजे।
-कौआहांकनी नाटक का मंचन, कालिदास रंगालय में शाम 6:00 बजे।