Weather in Bihar: बादलों के कारण तापमान बढ़ा, आसमान साफ होते ही बढ़ेगी कनकनी
Weather in Patna राजधानी पटना में आज सुबह से ही बादल छाये हुए हैं। इसकी वजह से सुबह आठ बजे तक भी सूरज नहीं दिखा। वातावरण में हल्की धुंध भी है। हालांकि बादलों के कारण न्यूनतम तापमान थोड़ा बढ़ गया है।
पटना, जेएनएन। बंगाल की खाड़ी में आए तूफान का असर बिहार में भी देखने को मिल रहा है। आज सुबह से ही आसमान में बादल छाये हैं। इसके कारण न्यूनतम तापमान थोड़ा बढ़ा है। इस तरह की स्थिति आज शाम तक बने रहने की उम्मीद है। कल से आकाश साफ होने की उम्मीद है। आज प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई है। पटना सहित ज्यादातर जिलों में हल्की धुंध देखने को मिल रही है। हवा शांत रहने से कनकनी कम है, लेकिन अगर बारिश जैसी स्थिति होती है तो ठंड बढ़ सकती है। पटना में सुबह के 10 बजे तक सूरज के दर्शन नहीं हुए हैं। आम तौर पर सात बजे तक सूर्य की किरणें दिख जा रही थीं। गुरुवार को भी सूर्योदय देखने के लिए पटना के लोगों को थोड़ा इंतजार करना पड़ा था, लेकिन आज यह इंतजार ज्यादा लंबा हो गया है।
जल्द ही हो सकता पछुआ हवा का आगमन, फिर तेजी से बढ़ेगी सर्दी
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि बिहार का मौसम काफी तेजी से बदल रहा है। फिलहाल राज्य में हवा शांत है लेकिन जल्द ही पछुआ का आगमन हो सकता है । जब तक पछुआ हवा नहीं चलती तब तक आकाश में बादल छाए रहेंगे। कल राजधानी में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आज भी उसी के करीब है। कल आकाश साफ होने पर इसमें गिरावट आने की उम्मीद है। राजधानी की हवा में आद्रता फिलहाल 70 से 80 फीसद के करीब है, जिससे लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है।
गया में छाये हैं बादल, नवादा में हल्की बूंदाबांदी
गया में भी आसमान में बादल छाये हुए हैं। वहां हल्की हवाएं भी चल रही हैं। इसके कारण लोगों को ठंड का अहसास हो रहा है। नवादा में गुरुवार की देर रात से आज सुबह तक रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही। आसमान में होने के कारण सूरज के दर्शन काफी देर तक नहीं हो सके। इसके कारण ठंड का असर ज्यादा है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक आसमान से बादल छंटते ही तापमान और तेजी से गिरेगा। आसमान साफ होने के बाद न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट हो सकती है। यही स्थिति अधिकतम तापमान में भी देखने को मिलेगी।
फसलों के लिए नुकसानदेह है ऐसा मौसम
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि वर्तमान मौसम फसलों के लिए काफी नुकसानदायक साबित हो सकता है। आकाश में बादल छाने से कीटों का जन्म हो सकता है , जिससे सब्जी की फसलों को ज्यादा नुकसान हो सकता है। आत्मा की उप परियोजना निदेशक विजेंद्र मनी का कहना है कि आजकल आकाश में बादल छाने से सब्जी की फसलों के लिए अच्छी बात नहीं है , इस तरह के मौसम से कीट काफी तेजी से उत्पन्न होते हैं, जिससे सब्जी की फसलों को सबसे ज्यादा नुकसान होता है । अभी गेहूं की बुवाई हो रही है और धान की फसल की कटाई चल रही है। धान और गेहूं को ज्यादा नुकसान होने की उम्मीद नहीं है , लेकिन कीट लगने से गोभी बैगन और अन्य सब्जी की फसलों को व्यापक नुकसान हो सकता है।