Bihar Govt. Oath Ceremony: बिहार में BJP ने बदला चेहरा, सुशील मोदी ने CM नीतीश को दी बधाई
Bihar Government Formation भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) के राष्ट्रीय नेतृत्व ने बिहार में पहली पीढ़ी के नेताओं की छुट्टी कर बड़ा संदेश दिया है। पार्टी ने बिहार भाजपा के संस्थापक तीन नेताओं की किनारे कर दिया। चारों नेताओं का नाम बिहार भाजपा के संस्थापक दिग्गज में शुमार है।
पटना, जेएनएन। Bihar Govt. Oath Ceremony बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election) के बाद भारतीय जनता पार्टी) (BJP) ने राज्य में अपना चेहरा बदलने की बड़ी कोशिश की है। साथ ही पहली बार राज्य में दो-दो उपमुख्यमंत्री (Deputy CM) की व्यवस्था की है। ऐसे में नई सरकार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का स्वरूप बदला नजर आएगा, यह तय है। उधर, नई सरकार के गठन के बाद पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी (Sushil Modi) ने नीतीश कुमार (Nitish Kumar) को सातवीं बार मुख्यमंत्री (CM) बनने पर बधाई दी। सुशील मोदी ने ताबड़तोड़ ट्वीट कर शपथ लेने वाले अन्य मंत्रियों को भी बधाई दी है।
सुशील मोदी का ट्वीट- नीतीश के नेतृत्व में आगे बढ़ेगा बिहार
सुशील मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा है कि बिहार नीतीश कुमार के नेतृत्व में आगे बढ़ेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) का सहयोग भी हमेशा मिलता रहेगा। अपने दूसरे ट्वीट में उन्होंने मुकेश साहनी (Mukesh sahani) एवं संतोष कुमार सुमन (Santosh Kumar Suman) को मंत्री परिषद के सदस्य के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी है। तीसरे ट्वीट में उन्होंने उपमुख्यमंत्री बनने वाले तारकिशोर प्रसाद (Tarkishore Prasad) व रेणु देवी (Renu Devi) को भी बधाई दी है। उन्होंने मंगल पाण्डेय, अमरेन्द्र प्रताप सिंह, रामप्रीत पासवान, जीवेश मिश्रा एवं रामसूरत राय को भी एनडीए सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने की बधाई दी है। अपने चौथे ट्वीट में उन्होंने विजेंद्र प्रसाद यादव, विजय कुमार चौधरी, अशोक चौधरी, मेवालाल चौधरी एवं शीला मंडल को भी शुभकामनाएं दी हैं।
केंद्र में दी जा सकती है नई जिम्मेदारी
विदित हो कि विधानसभा चुनाव के रिजल्ट के बाद नई सरकार के गठन के दौरान सुशील मोदी को उपमुख्यमंत्री पद से हटा दिया गया। इसके बाद उन्होंने निराशा भरा भावुक ट्वीट किया। फिर, अपने ट्वीटर प्राेफाइल से उपमुख्यमंत्री का परिचय हटा लिया। बीजेपी नेताओं के अनुसार उन्हें केंद्र में नई जिम्मेदारी दी जा सकती है।