पिता को फरवरी में हुआ अंदेशा, बेटे के साथ हो सकता कुछ बुरा
सुशांत सिंह राजपूत की मौत से पहले उनके पिता को इस बात का अंदेशा हो गया था कि बेटे के साथ होसकती है अनहोनी।
पटना । सुशांत सिंह राजपूत की मौत से पहले उनके पिता को इस बात का अंदेशा हो गया था कि बेटे के साथ कुछ अनहोनी होने वाली है। इस कारण वे मार्च में ही अपने बेटे के पास जाना चाहते थे। लॉकडाउन होने के कारण वह जा नहीं पाए। यह कहना है कि अभिनेता के पिता केके सिंह के पड़ोसी मनीष तिवारी का। उन्होंने बताया कि सुशांत को रिया लंबे समय से परेशान कर रही थी। परिवार के एक सदस्य ने मुंबई में इसकी शिकायत डीएसपी- बांद्रा को 25 फरवरी को की थी।
आवेदन में परिवार वालों ने कहा था कि सुशांत अच्छी संगत में नहीं है। मुंबई पुलिस ने इसपर गंभीरता नहीं दिखाई और कुछ भी नहीं किया। सुशांत के परिजनों के अनुसार उनकी शादी नंवबर में होने वाली थी।
राजीवनगर के आवास पर जब सुशांत के आत्महत्या करने की बात आई तो परिवार और आस-पड़ोस के लोगों ने भी किसी बंगाली लड़की के साथ उनके रिश्ते होने की बात पर जोर देना शुरू कर दिया था। घर के बगल में रहने वाले एक पड़ोसी ने उस समय ही बताया था कि सुशांत के पिता केके सिंह मुंबई जाना चाह रहे थे और उन्होंने ही बताया था की मुंबई में सुशांत किसी बंगाली लड़की के साथ रह रहा है जो उनको नहीं पसंद है।
: बेटी के घर हैं सुशांत के पिता :
सुशांत की मौत के बाद पिता केके सिंह अपनी बेटी के घर फरीदाबाद में हैं। परिवार वालों के अनुसार अब कोई भी बात वकील के माध्यम से ही होगी। जितना जल्दी हो सके दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।