एक तरफा प्यार में युवक ने नाबालिग प्रेमिका की आग लगाकर ले ली जान, मां को भी नहीं छोड़ा
राजधानी में रविवार को प्रेम-प्रसंग में पागल आशिक ने नाबालिग प्रेमिका की आग लगाकर जान ले ली। वारदात के दौरान बीच-बचाओ करने आई लड़की की मां को भी युवक ने नहीं छोड़ा।
पटना, जेएनएन। राजधानी के मोकामा में रविवार की सुबह एक तरफा प्रेम में पागल आशिक ने नाबालिग प्रेमिका को घर में घुसकर केरोसिन तेल छिड़क आग के हवाले कर दिया। बीच-बचाव करने आए स्वजन को भी युवक ने नहीं छोड़ा और नाबालिग लड़की की मां पर भी तेल डालकर आग लगा दी। घटना में झुलसने से शिवानी उर्फ रूपाली (14) की मौत हो गई। गंभीर अवस्था में मृतका की मां का इलाज नजदीकी अस्पताल में चल रहा है। घटना हाथीदह थाना क्षेत्र के महेंद्रपुर गांव की है। सूचना पर पुलिस छानबीन के लिए पहुंच गई है। वारदात को अजाम देकर आरोपित फरार हो गया है।
सोयी अवस्था में लगाई आग
मिली जानकारी के अनुसार आरोपित नाबालिग युवती से प्रेम करता था। उसने कई बार पहले भी मिलने-जुलने की इच्छा जाहिर की थी। जिसे लड़की ने मना कर दिया था। इसी को लेकर तैश में आया युवक सोमवार की सुबह करीब चार बजे लड़की के महेंद्रपुर गांव स्थित घर पर पहुंच गया। इस दौरान घर में सो रही लड़की के ऊपर उसने केरोसिन तेल छिड़ककर आग लगा दी।
बचाने के लिए दौड़ी मां को भी किया आग के हवाले
जलती बेटी को देख जब मां बचाने के लिए दौड़ी तो युवक ने उनके ऊपर भी तेल छिड़क दिया और आग लगा दी। दोनों को जलती अवस्था में छोड़ आरोपित फरार हो गया। चीख-पुकार की आवाज सुनकर घर के दूसरे तल्ले पर सोये पिता आए और आग बुझाई, पर तबतक बेटी दम तोड़ चुकी थी। जबकि पत्नी की सांसें चल रही थीं। शोर-शराबे पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल के पास एकत्रित हो गए। बाद में घायल को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर हाथीदह थाने की पुलिस पहुंची। थानाध्यक्ष रविरंजन सिंह ने वारदात की पुष्टि करते हुए छानबीन शुरू कर दी है। आरोपित युवक की तलाश की जा रही है।