अब सिर्फ 11 शहरों से आए लोग ही होंगे क्वारंटाइन
देश के पांच राज्यों के रेडजोन में आने वाले 11 शहरों से आने वाले लोगों को प्रखंड स्तर पर रखा जाएगा।
पटना। देश के पांच राज्यों के रेडजोन में आने वाले 11 शहरों से आने वाले लोगों को प्रखंड स्तरीय क्वारंटाइन सेंटरों में रखा जाएगा। इनमें गुजरात के सूरत और अहमदाबाद, महाराष्ट्र के मुंबई व पुणे, दिल्ली व एनसीआर के फरीदाबाद, नोएडा, गाजियाबाद व गुड़गांव के अलावा पश्चिम बंगाल काकोलकाता और कर्नाटक के बेंगलुरु शामिल है। यहां से आने वाले लोगों को ही प्रखंड स्तरीय क्वारंटाइन सेंटर में रखा जाएगा। इसके अलावा अन्य जिलों से आने वालों से प्रपत्र भरवाकर होम क्वारंटाइन पर भेजा जाएगा।
सिविल सर्जन डॉ. राजकिशोर चौधरी ने बताया कि रैंडम सैंपलिंग से जांच के आधार पर सरकार ने निर्णय लिया है कि अब 11 शहरों से आने वालों को ही प्रखंड क्वारंटाइन सेंटर में रखा जाएगा। ऐसे में गांवों आऐर पंचायतों के क्वारंटाइन सेंटर बंद किए जाएंगे। अगर संवेदनशील शहरों से आने वाले लोगों की संख्या ज्यादा हुई तो उन्हें प्रखंड मुख्यालय के समीप पंचायत भवनों में 14 दिन क्वारंटाइन किया जाएगा। 14 दिन में कोरोना के लक्षण नहीं दिखने पर उन्हें सात दिन के लिए होम क्वारंटाइन पर भेज दिया जाएगा। अन्य राज्यों या जिलों से आने वाले लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग कर बिना लक्षण वालों को होम क्वारंटाइन किया जाएगा।
पोलियो की तर्ज पर होगी मेडिकल स्क्रीनिग : होम क्वारंटाइन लोगों की पोलियो अभियान की तर्ज पर प्रतिदिन स्क्रीनिंग की जाएगी। यदि किसी प्रवासी में 14 दिन में कोरोना के लक्षण दिखेंगे तो उनका सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा। अगर रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो उन्हें आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया जाएगा।
- अन्य शहरों से आने वाले 14 दिन के लिए किए जाएंगे होम क्वारंटाइन
- गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली, पश्चिम बंगाल और कर्नाटक के हैं 11 शहर
- गांव-पंचायतों के क्वारंटाइन सेंटर बंद, प्रखंड मुख्यालय में रहेंगे प्रवासी