पटना के फतुहा में पुरानी रंजिश में किशोर की हत्या कर पेड़ से लटकाया शव
नदी थाना क्षेत्र में बदमाशों ने किशोर की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया। आक्रोशित ग्रामीण और स्वजनों ने फतुहा-पटना एनएच जाम कर दिया।
पटना, जेएनएन। राजधानी में बेखौफ अपराधियों ने एक फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। फतुहा के नदी थाना क्षेत्र के जेठुली गांव के समीप रविवार की रात बदमाशों ने किशोर की हत्या कर पेड़ से शव लटका दिया। सुबह ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी। किशोर की पहचान पहचान जेठुली गांव निवासी अर्जुन खलीफा के पुत्र छोटू कुमार (16) के रूप में हुई। शव मिलने की जानकारी मिलने पर घटनास्थल पर भीड़ लग गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीण और स्वजनों ने हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर फतुहा-पटना एनएच जाम कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को शांत करा जाम खत्म कराया।
जानकारी के अनुसार, छोटू एक ट्रक पर रहकर खलासी का काम करता था। तीन दिन पूर्व ट्रक चालक ने फोन पर बताया कि छोटू गांव जाने की बात कहकर जेठुली गया है। घर वाले उसके आने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान सोमवार की सुबह जब जानकारी मिली कि एक किशोर का शव गांव के समीप ही आम के पेड़ से लटकर रहा है। शव छोटू का था। अपराधियों ने उसकी हत्या कर साक्ष्य मिटाने के लिए पेड़ से शव लटका दिया।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पटना-फतुहा एनएच जाम कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों को समझाकर एक घंटे बाद जाम खत्म कराया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का पता चल सकेगा। अबतक परिजनों ने कोई लिखित शिकायत नहीं की है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं खगौल में वार्ड पार्षद के मैनेजर की हत्या मामले में अब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इधर, किशोर की मौत के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार का कोई सदस्य कुछ भी कह पाने की स्थिति में नहीं है।