सीएए के विरोधियाें पर फिर बरसे गिरिराज, कहा- शाहीन बाग का धरना केवल नौटंकी
भाजपा के फायरब्रांड नेता व केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मंगलवार को कहा है कि सीएए के विरोध का कोई मतलब नहीं है। उन्होंने शाहीन बाग के आंदोलन को नौटंकी बताया।
अररिया, जेएनएन। भाजपा के फायरब्रांड नेता व केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मंगलवार को कहा है कि सीएए के विरोध का कोई मतलब नहीं है। वह परिसदन में जागरण से विशेष बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूर्वजों की गलतियों के कारण ही आज देश के समक्ष यह नौबत आई है। देश के बंटवारे के समय ही स्थिति स्पष्ट हो जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश के विभाजन के कारण ही आज आतंकी अशांति फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने सीएए को लेकर कहा कि साफ तौर पर यह कहा गया है कि यह नागरिकता देने का कानून है, लेने का नहीं। ऐसे में शाहीन बाग का धरना नौटंकी को छोड़ कर कुछ नहीं है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में अल्पसंख्यक हिंदु, सिख आदि हैं। उन्हें वहां प्रताडि़त किया जा रहा है। ऐसे में उन्हें अपने देश लौटना गलत बात थोड़े ही है। राहुल गांधी पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि शरजील इमाम जैसे लोग देश को बांटने की साजिश करते हैं। ऐसे में लोगों को यह सोचने की जरूरत है कि देश कहां जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत को कमजोर कतई नहीं समझें।
बता दें कि सीएए के पक्ष में जहां भाजपा पूरे देश में मुहिम चला रही है, वहीं विरोधी लगातार इसे लेकर केंद्र सरकार पर हमलावर बने हुए हैं। हालांकि, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नसीहत भी दी थी कि विवादित बयानों से बचें। इसके बाद भी आज गिरिराज सिंह ने अररिया में मीडिया से बात करते हुए कहा कि शाहीन बाग के अांदोलन को नौटंकी बताया है।
दूसरी ओर, कल बिहार के नालंदा में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा था कि सीएए से किसी भी हिंदुस्तानी को कोई दिक्कत नहीं है। सीएए हिंदुस्तानी के लिए नहीं है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि शाहीन बाग के लोगों को यदि इसे लेकर कोई भ्रम है तो सरकार बात करने के लिए तैयार है।