अब सीबीएसई छात्रों का होगा 20 अंकों का आंतरिक मूल्यांकन
पटना। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) इंटरमीडिएट की परीक्षा में अगले वर्ष 2020 से बड़े बदलाव करने जा रहा है।
पटना। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) इंटरमीडिएट की परीक्षा में अगले वर्ष 2020 से बड़े बदलाव करने जा रहा है। इसमें बोर्ड की तरफ से 12वीं के सभी विषयों में 80 अंकों की लिखित परीक्षा होगी। इसके अलावा 20 अंक प्रैक्टिकल यानी आतरिक मूल्याकन (इंटरनल असेसमेंट) के लिए निर्धारित होंगे। अभी तक बोर्ड में 12वीं के कुछ विषयों में ही 80 अंक का प्रश्न पत्र आता है। कैमिस्ट्री (रसायन विज्ञान) जैसे विषय उसमें से एक हैं, लेकिन अगले वर्ष से सभी विषयों में ऐसा होगा। बोर्ड की तरफ से इंटर के सभी विषयों में ऑब्जेक्टिव टाइप के सवाल भी ज्यादा पूछे जाएंगे। बोर्ड इस पर भी ध्यान दे रहा है। यह ऑब्जेक्टिव सवाल एक-एक अंक के होंगे। साथ ही हाईस्कूल के भी सभी विषयों में अगले वर्ष से ऐसा ही होगा, जिसमें 80 अंक का प्रश्न पत्र होगा और 20 अंक प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए निर्धारित होंगे। इंटरनल एक्जाम में छात्रों का पेन पेपर टेस्ट होने के साथ पोर्टफोलियो पर भी अंक दिए जाएंगे। प्रैक्टिकल टेस्ट दूसरे केंद्रों पर आयोजित कराया जाएगा।
बदलाव को लेकर सितंबर में जारी होगी विस्तृत जानकारी
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज ने बताया कि हम इस पर काम कर रहे हैं और जल्द इसकी सूचना लोगों को दी जाएगी। 12वीं के सभी विषयों में यह बदलाव होगा। अब तक कुछ विषयों में ही 80 अंक के प्रश्न पत्र आते थे। लेकिन अब सभी विषयों में 80 अंक के प्रश्न पत्र होंगे। बोर्ड अधिकारियों की तरफ से इसकी रूपरेखा तैयार कर ली गई है। 12वीं के छात्र इसके लिए तैयार हो सकें, इसके लिए सितंबर तक 12वीं के सभी विषयों के बदले प्रश्न पत्रों को बोर्ड की वेबसाइट पर जारी कर दिया जाएगा। जिससे छात्र सभी विषयों के सैंपल पेपर को सुलझा सकें और 2020 की बोर्ड परीक्षा में जो नए बदलाव हुए हैं, उसकी रूपरेखा में खुद को ढाल सकें।