पटना में विवाहिता की फंदे से लटकी मिली लाश, शव जलाने से पहले पहुंचे परिजनों ने किया बवाल Patna News
पटना में विवाहिता का फंदे से लटका शव मिलने के बाद आलमगंज पुलिस चौकी के समीप सड़क जाम कर स्थानीय लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान करीब तीन घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
पटना, जेएनएन। राजधानी में सोमवार की देर रात एक विवाहिता ससुराल में फंदे से लटकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। ससुराल वाले शव का दाह संस्कार करने जा ही रहे थे कि मायके वाले पहुंच गए और हत्या कर शव फांसी पर लटकाने का आरोप लगा हंगामा करने लगे। आलमगंज पुलिस चौकी के समीप सड़क जाम कर स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान करीब तीन घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
मिली जानकारी के मुताबिक सोनी कुमारी (22) की 2014 में दीदारगंज थाना अंतर्गत मोहम्मदपुर सुनावा बांध निवासी तनीष से शादी हुई थी। तनीष एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाता था। लड़की के पिता ने आरोप लगाया है कि कुछ दिनों से वर पक्ष लड़के के लिए कोचिंग खोलने के नाम पर 2.50 लाख कैश और बाइक की मांग कर रहा था। इसी को लेकर घर में आए दिन झगड़ा होता रहता था।
सोमवार को सोनी को जहर देकर मार दिया गया। हत्या को घटना का रूप देने के लिए उसका शव फांसी के फंदे से लटका दिया गया। सुबह ससुराल वाले शव का दाह संस्कार कराने की सोच रहे थे कि पड़ोसियों ने मायके वालों को खबर कर दी। जिसपर मायके वालों ने आलमगंज पुलिस चौकी के समीप सड़क जाम कर घंटों प्रदर्शन किया।