पटना, भागलपुर, मुजफ्फरपुर व मोतिहारी में भारी वर्षा की संभावना
दक्षिण- पश्चिम मानसून अब 14 जुलाई तक बिहार में सक्रिय रहेगा।
पटना। दक्षिण- पश्चिम मानसून अब 14 जुलाई तक बिहार में सक्रिय रहेगा। पटना, भागलपुर, छपरा, मोतिहारी, फॉरबिसगंज और मुजफ्फरपुर के आसपास के इलाकों में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून पूर्वी उत्तर प्रदेश और झारखंड में कमजोर पड़ गया है लेकिन बिहार, पश्चिम बंगाल और असम में सक्रिय रहने के कारण रुक-रुककर बारिश होगी।
बुधवार को पटना का अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री और न्यूनतम 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री और न्यूनतम 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर का अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री और न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया का अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री और न्यूनतम 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 15 जुलाई तक तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है। मौसम साफ होने के बाद तापमान में वृद्धि होगी।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को पटना में 32 एमएम वर्षा रिकार्ड किया गया। भागलपुर में 8 एमएम, गया में 20.6 एमएम और पूर्णिया में 18 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई।
: 10 जुलाई तक 162 एमएम वर्षा :
पटना में 10 जुलाई तक सामान्य से करीब 76 फीसद अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है। जुलाई में अब तक सामान्य बारिश 94.2 एमएम होनी चाहिए। मौसम विभाग के अनुसार अब तक 162.9 एमएम बारिश हुई है। जून से अब तक 221.2 एमएम सामान्य वर्षा होनी चाहिए थी। मौसम विभाग के अनुसार सामान्य से 7 फीसद कम 205.4 एमएम बारिश हुई है। जून में 67 फीसद कम बारिश हुई थी जिसकी भरपाई में महज 7 फीसद कमी रह गई है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार यदि 14 जुलाई तक बारिश होती रही तो कमी पूरी होने की संभावना है।
- - - - - -