यूं हुई एक लव स्टोरी की Happy Ending: ट्रेनी सिपाही को भायी ASI की बेटी, लेकर हुआ फरार
बिहार में एक ट्रेनी सिपाही को एएसआइ की बेटी से प्यार हो गया। दोनों शादी रचाने के लिए घर छोड़कर फरार हो गए। लेकिन हुआ कुछ एेसा कि दोनों को एसपी के सामने हाजिर होना पड़ा। जानिए...
भोजपुर, जेएनएन। ट्रेनिंग के लिए आया ट्रेनी सिपाही को जमादार की बेटी भा गयी। दोनों के बीच प्यार हुआ फिर दोनों ने चोरी-चुपके शादी कर ली। ससुर के रौब के डर से सिपाही उसकी बेटी को लेकर फरार हो गया। लेकिन इससे बनती बात बिगड़ गई। बात एसपी तक पहुंच गई और जमादार की बेटी से प्यार करना ट्रेनी सिपाही को अंततः महंगा पड़ गया।
एसपी सुशील कुमार ने ट्रेनी सिपाही को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। ये बात पता चलते ही सिपाही विभागीय कार्रवाई के डर से सोमवार को अपनी प्रेमिका के साथ एसपी के समक्ष उपस्थित हुआ और दोनों ने प्यार करने और स्वेच्छा से भागकर शादी रचाए जाने की बात कबूल कर ली। एसपी ने दोनों के परिवार वालों को बुलाकर दोनों की विधिवत शादी कराने का आदेश दिया है। अब दोनों दहेज रहित विवाह करेंगे।
दरअसल, रोहतास जिला के अकोढ़ी गांव निवासी एक युवक साल 2018 में बिहार पुलिस में बहाल हुआ है। आरा में उसकी ट्रेनिंग चल रही है। इधर, 18 जून को वह एक बीमार साथी सिपाही को देखाने के लिए पटना गया हुआ था। जिसके बाद से वह अचानक गायब हो गया था।
उसके गायब होने की खबर मिलते ही परिवार वालों ने इसकी पड़ताल करनी शुरू कर दी तो पता चला कि वह सिवान के दुरौंधा निवासी एक एएसआई की बेटी को लेकर फरार हो गया है और एएसआइ ने इसकी शिकायत एसपी से कर दी है। एसपी ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए ट्रेनी सिपाही को सस्पेंड कर दिया।
जानकारी के मुताबिक सिवान के दुरौंधा निवासी एक एएसआई झारखंड में कार्यरत है। एएसआई की बड़ी बेटी बोकरो में रहती है। इधर, छोटी पुत्री भी अपनी बहन के घर आया- जाया करती थी। दूसरी ओर, ट्रेनी सिपाही भी बोकरो में अपनी बहन के घर आया-जाया करता था। जिसके बाद दोनों में प्यार हो गया। दोनों ने परिवार वालों को डर के मारे कुछ नहीं बताया और चोरी-चुपके शादी करने के लिए घर से फरार हो गए।
एसपी को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने एएसआइ के साथ ही लड़की के परिजनों को भी थाने बुलाया। जिसके बाद दोनों से बातचीत की गई तो दोनों पक्ष शादी के लिए राजी हो गए। इसे लेकर सोमवार को पुलिस केन्द्र से पुलिस ऑफिस तक गहमागहमी देखी गई। दोनों पक्ष के पुरुष सदस्यों के अलावा घर की महिलाएं भी यहां आई थी। अब दोनों की जल्द ही शादी होगी