Move to Jagran APP

10 साल में सबसे लंबे समय तक हीट वेव, 23 तक मानसून आने की संभावना: Patna News

पटना लू की चपेट में है। रोजाना गर्मी रिकॉर्ड कायम कर रही है। इस बीच मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि 23 जून तक मानसून दस्तक दे सकता है।

By Edited By: Published: Tue, 18 Jun 2019 11:35 PM (IST)Updated: Wed, 19 Jun 2019 09:30 AM (IST)
10 साल में सबसे लंबे समय तक हीट वेव, 23 तक मानसून आने की संभावना: Patna News
10 साल में सबसे लंबे समय तक हीट वेव, 23 तक मानसून आने की संभावना: Patna News
पटना, जेएनएन। सोमवार की रात 7.3 एमएम बारिश होने से राजधानीवासियों को थोड़ी राहत मिली। मंगलवार को भी तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। इसके बावजूद लगातार 11वें दिन पटना हीट वेव की चपेट में रहा। मौसम विभाग के अनुसार 21 जून तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। प्रदेश में 22 जून को आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है।


सोमवार की रात पटना में 7.3 एमएम, बहादुरगंज में 6 एमएम, फॉरबिसगंज में 5 एमएम, अररिया में 2 एमएम और पूर्णिया में 1.8 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश के बाद पटना सहित राज्यभर में गर्मी से मामूली राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को फिर तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है।
पटना में मंगलवार को अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री और न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी की मात्रा 33 फीसद दर्ज की गई। गया का अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री और न्यूनतम 31.2 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार पटना, गया, औरंगाबाद, राजगीर, नालंदा और नवादा में 21 जून तक गर्मी से राहत की संभावना नहीं है। 22 जून को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है।

दसवें दिन हीट वेव
बीते 10 वर्षो में पहली बार जून में लगातार दसवें दिन हीट वेव का कहर थमा नहीं है। मौसम पूर्वानुमान में अभी तीन दिनों तक ऐसी ही गर्मी पड़ने की संभावना है। वर्ष 2012 में आठ दिनों तक लगातार हीट वेव का रिकार्ड इस बार टूटा है। गर्मी ने अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस पहुंचने का नया रिकार्ड 53 वर्षो बाद बनाया है। पटना का तापमान 43 डिग्री से अधिक पर लगातार आठ दिन तक इससे पहले वर्ष 2012 में पहुंचा था। 14 जून को एक दिन के लिए पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक भी पहुंचा था।


इस वर्ष दो दिनों तक तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और इससे अधिक पहुंचा। सबसे कम गर्मी वर्ष 2013 में पड़ी थी। तब पूरे महीने अधिकतम तापमान सामान्य स्तर से नीचे रिकार्ड किया गया था। इस साल पटना में 15 जून को अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री और 16 जून को 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के आंकड़े बता रहे हैं कि वर्ष 2011 में दो दिन तेज गर्मी पड़ी थी। 5 जून को 41 और 6 जून को 40 डिग्री तापमान रहा था। वर्ष 2012 में अधिकतम तापमान का रिकार्ड अब तक कायम है। 14 जून को तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पहुंचने का रिकार्ड बनाया था। आठ दिनों तक तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा था। शेष 10 दिनों में 41 डिग्री से अधिक और एक दिन 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

वर्ष 2013 के जून में लोगों को गर्मी का अहसास ही नहीं हुआ, क्योंकि तापमान सामान्य स्तर 37 डिग्री सेल्सियस से नीचे पूरे माह रहा। 2014 में सिर्फ 5 और 13 जून को तापमान 42 डिग्री तक पहुंचा था। महीने में पांच दिन तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वर्ष 2015 में सिर्फ 10 जून तक गर्मी पड़ी। पहली जून को 40 डिग्री, 5 जून को 41 डिग्री, 6 एवं 7 जून को 43 डिग्री, 8 जून को 44 डिग्री और 9 और 10 जून को क्रमश: 43 और 42 डिग्री सेल्सियस तापमान पहुंचा था। वर्ष 2016 में भी गर्मी ने जून में राहत दी। सिर्फ एक दिन 12 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस की सीमा छूकर शेष दिनों में सामान्य स्तर पर रिकार्ड किया गया था। वर्ष 2017 में चार दिन तापमान 40 डिग्री और एक दिन 3 जून को 42 डिग्री सेल्सियस पहुंचा था। बीते साल 2018 में भी खूब गर्मी पड़ी। 10 जून से 25 जून के बीच तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकार्ड किया गया था। बीते साल 15 से 18 जून तक लगातार 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

loksabha election banner

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.