पटना-गया में लू से मामूली राहत, पारा 42.4 डिग्री पहुंचा
बिहार में 20 मई तक हीट वेभ का रहेगा कहर
पटना। पटना और गया जून के महीने में लगातार दसवें दिन भी लू की चपेट में रहे। दोनों शहरों में सोमवार को अधिकतम तापमान में करीब ढाई डिग्री सेल्सियस कमी आने के कारण मामूली राहत महसूस की गई। हालांकि तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 42.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। प्रदेश में डेहरी सबसे गर्म शहर रहा। डेहरी का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 20 जून तक बिहार के अधिकांश हिस्से हीट वेभ की चपेट में रहेंगे।
सोमवार को पटना का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री और न्यूनतम 32 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। हवा में नमी की मात्रा 25 प्रतिशत दर्ज की गई। गया का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री और न्यूनतम 31.3 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पूर्णिया का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को पटना, गया, औरंगाबाद, जहानाबाद, डेहरी, नवादा, नालंदा, राजगीर, छपरा, मोतिहारी, मुजफ्फरपुर और भागलपुर के आसपास का इलाका हीट वेभ की चपेट में रहेगा। पूर्णिया, फारबिसगंज, सुपौल, मधुबनी, सीतामढ़ी के इलाके में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। पूर्वानुमान के अनुसार 20 जून तक प्रदेश का अधिकांश हिस्सा हीट वेभ की चपेट में रहेगा। गंगा के तटीय क्षेत्र में कुछ जगहों पर आंशिक रूप से बादल दिखेंगे। संभावना है कि 23 जून के बाद मानसून के बादल बिहार के कुछ हिस्से में पहुंच सकते हैं।
- - - - - - - - - - - - - - - -
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप