वोटिंग के दिन तल्ख रहेगा पटना के मौसम का मिजाज, कड़ी धूप के आसार
पटनावासी लोकतंत्र के पर्व के आखिरी चरण में 19 मई को मतदान करेंगे। एेसे में उन्हें कड़ी धूप से भी दो चार होना पड़ेगा। मौसम विभाग ने एेसा अंदेशा जताया है।
पटना, जेएनएन। 19 मई को पटना साहिब और पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र में मतदान के दिन मौसम तल्ख रहेगा। वोटरों को तपिश का सामना करना पड़ेगा। पटना और आसपास के इलाके लू की चपेट में रहेंगे। मौसम विभाग के अनुसार चुनाव के दिन तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है।
शुक्रवार को राजधानी में शुक्रवार को तपिश से जीना मुहाल हो गया है। सुबह से ही कड़ी धूप का साया शहर पर दिख रहा है। पटना का अधिकतम पारा 40.4 तो न्यूनतम 27.4 पर पहुंच गया है। इसी तरह गया का तापमान 41.1 अधिकतम तो 24.6 न्यूनतम पर आ गया है।
इधर, गुरुवार को पटना का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री और न्यूनतम 26.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी की मात्रा 39 फीसद रही। गया का अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री और न्यूनतम 25.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। भागलपुर का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पूर्णिया का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री और न्यूनतम 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को पटना और गया के तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है। 19 मई को पटना का तापमान 42 डिग्री और गया में 43 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की संभावना है। मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, छपरा, पटना सहित उत्तर बिहार के कुछ इलाके 18 से 20 मई तक लू की चपेट में रहेंगे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप