रहें सावधानः पटना का तापमान पहुंचा 9.6 डिग्री पर तो गया रहा राज्य में सबसे ठंडा शहर
ठंड बढ़ गई है। अगर घर से कहीं बाहर निकल रहे हैं तो सावधानी बरतें। शनिवार को पारा जहां नौ डिग्री पर रहा तो रविवार को दस डिग्री पर पहुंच गया। दिन में धूप निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली है।
पटना, जेएनएन। घर में रहें या बाहर निकलें गर्म कपड़े पहने रहें। दिसंबर का दूसरा हफ्ता शुरू होते ही ठंड ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शनिवार इस मौसम का सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया। राजधानी पटना का न्यूनतम तापमान गिरकर 9.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
वहीं रविवार को राजधानी का तापमान 10 डिग्री रिकार्ड किया गया। इस सीजन में पहली बार पारा लुढ़ककर दस डिग्री सेल्सियस से नीचे आया है। वहीं, दूसरी तरफ गया राज्य में सबसे ठंडा रहा। वहां न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
सुबह और रात के बाद अब दिन में भी लोगों को ठंड का अहसास होने लगा है। पटना मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले तीन-चार दिन में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
हालांकि अभी कोहरे की संभावना नहीं है। जिससे उड़ानों और ट्रेनों पर प्रभाव नहीं पड़ा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में कोहरा भी छा सकता है। पटना में एक सप्ताह से ठंड मेंं लगातार इजाफे से गर्म कपड़ों की बिक्री बढ़ गई है।