Move to Jagran APP

बिहार: कड़ाके की ठंड में 14 की मौत, घने कोहरे से ट्रेनें व फ्लाइट्स प्रभावित

बिहार में बीते कुछ दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड में बीते दिन 14 लोगों की मौत हो गर्इ। घने कोहरे से ट्रेनें व फ्लाइट्स बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं।

By Amit AlokEdited By: Published: Sun, 14 Jan 2018 09:22 AM (IST)Updated: Sun, 14 Jan 2018 06:52 PM (IST)
बिहार: कड़ाके की ठंड में 14 की मौत, घने कोहरे से ट्रेनें व फ्लाइट्स प्रभावित
बिहार: कड़ाके की ठंड में 14 की मौत, घने कोहरे से ट्रेनें व फ्लाइट्स प्रभावित

पटना [जेएनएन]। बिहार में रविवार की सुबह भी कड़ाके की ठंड के साथ हुई। इसके पहले शनिवार को भी ठंड का कहर जारी रहा। इसके पहले ठंड से राज्‍य में 14 लोगों की मौत हो गई। कोहरे के कारण कई ट्रेनें रद कर दी गईं हैं तो कई विलंब से चल रही हैं। कोहरे के कारण विमान सेवाएं भी प्रभावित हो गई हैं।

loksabha election banner

शहतलहर व कोल्‍ड डे के हालात

कल राज्य के अधिकांश इलाकों में दिन में कुछ देर के लिए धूप निकली, लेकिन इससे राहत नहीं मिली। हवा में कनकनी बरकरार रही और शाम ढलते ही परेशानी बढऩे लगी। सूबे में ठंड का कहर अगले 48 घंटे तक बना रहेगा। पूर्वानुमान के अनुसार 15 जनवरी तक बिहार के अधिकांश हिस्से में कोहरा और शीतलहर से कोल्ड-डे की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग ने ठंड और कोहरे के पूर्वानुमान को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है।

इस बीच शनिवार को पटना, गया, भागलपुर और पूर्णिया में कोल्ड-डे रहा। ठंड व कोहरे के कारण सड़क-रेल यातायात व विमानों का परिचालन भी प्रभावित रहा। वहीं ठंड से राज्य में शनिवार को 14 लोगों की मौत हो गई। इनमें सीतामढ़ी जिले के पांच, समस्तीपुर के तीन, मधेपुरा के दो एवं पश्चिम चंपारण, कटिहार, बांका व दरभंगा के एक-एक व्यक्ति शामिल हैं।
भागलपुर में सबसे कम तापमान

शनिवार की सुबह पूर्णिया में हवा में नमी की मात्रा सौ फीसद आंकी गई। भागलपुर का न्यूनतम तापमान बिहार में सबसे कम 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार 15 जनवरी तक पटना सहित राज्य के अधिकांश हिस्से में न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री और अधिकतम 17 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। पटना और गया में घना कोहरा छाया रहेगा। पूर्णिया और भागलपुर भी कोहरे की चपेट में रहेगा। पटना में शनिवार की सुबह हवा की रफ्तार नौ किलोमीटर प्रति घंटे और नमी की मात्रा 92 प्रतिशत रहने के कारण गलन महसूस की गई।

बिहार में भागलपुर शनिवार को सबसे सर्द रहा। भागलपुर का न्यूनतम तापमान गिरकर 4.6 डिग्री और अधिकतम 16.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री और अधिकतम 17.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया का न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री और अधिकतम 16.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
समस्तीपुर जिले के पूसा स्थित डॉ. राजेंद्र कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए.सत्तार ने बताया कि सर्दी अभी जारी रहेगी। पछिया हवा के कारण कनकनी बरकरार रहेगी।
कोहरे से ट्रेनों का बुरा हाल, विमान भी लेट
कोहरे की मार से ट्रेनों की चाल लड़खड़ा गई है। नई दिल्ली जाने वाली 12309 राजधानी एक्सप्रेस शनिवार को अपने निर्धारित समय से पटना से खुली, लेकिन नई दिल्ली से आने वाली अधिसंख्य ट्रेनें घंटों लेट रहीं। नई दिल्ली से चलने वाली राजधानी एक्सप्रेस शनिवार को रद रही। नई दिल्ली से आने वाली संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस 13 घंटे और भागलपुर जाने वाली विक्रमशिला एक्सप्रेस 20 घंटे विलंब से जंक्शन पहुंची। मगध एक्सप्रेस लगातार शाम की बजाय रात 2 से 3 बजे के आसपास जंक्शन से रवाना हो रही है।
उधर शनिवार को भी पटना एयरपोर्ट पर सुबह 10 बजे तक विजिबिलिटी 200 मीटर से अधिक नहीं थी। इस कारण कोलकाता से पटना आने वाले स्पाइस जेट के विमान ने 12 बजे लैंड किया। सुबह बेंगलुरु व दिल्ली से आने वाली गो एयरवेज की विमान दो घंटे देरी से पटना पहुंची। सुबह में घने कोहरे के कारण थोड़ी देर तक यात्रियों को परेशानी हुई, लेकिन दोपहर में धूप निकलने की वजह से विमान सेवा सामान्य हो गई।
रद व विलंब से चलने वाली ट्रेनें
12310 राजधानी एक्सप्रेस - रद
12394 संपूर्ण क्रांति एक्स - 13 घंटे
12368 विक्रमशिला -      20 घंटे
12392 श्रमजीवी एक्स -    7 घंटे
12391 श्रमजीवी एक्स -    1 घंटे
12402 मगध एक्सप्रेस -    11 घंटे
12401 मगध एक्सप्रेस -    9 घंटे
12366 रांची जनशताब्दी -   डेढ़ घंटे
12367 विक्रमशिला -      1 घंटे
14056 ब्रह्म्पुत्र एक्स -     9 घंटे
12506 नार्थ ईस्ट -      9 घंटे
12424 गुवाहाटी राजधानी - 2 घंटे
13006 पंजाब मेल -    6 घंटे
13050 अमृतसर हावड़ा - 11 घंटे
13240 कोटा एक्स -    15 घंटे
12141 एलटीटी पीपीटीए - 2 घंटे
12295 संघमित्रा एक्स -   3 घंटे


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.