बिहार पुलिस सेवा के 14 अफसर बने IPS, गृह मंत्रालय ने जारी की अधिसूचना; कैलाश प्रसाद से स्मिता सुमन तक के नाम शामिल
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बिहार पुलिस सेवा के 14 अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में प्रोन्नत किया है। इन्हें ...और पढ़ें

14 अधिकारियों को आईपीएस में प्रमोशन। सांकेतिक तस्वीर
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार पुलिस सेवा के 14 अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा (Indian Police Service) में प्रोन्नति मिली है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मंगलवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी।
सभी अधिकारियों को आईपीएस में प्रोबेशन पर नियुक्त करते हुए बिहार कैडर आवंटित किया गया है। इनका चयन वर्ष 2025 की चयन सूची के आधार पर किया गया है।
ममता कल्याणी भी बनीं आईपीएस
IPS बनने वाले अधिकारियों में कैलाश प्रसाद, संतोष कुमार, राज कुमार साह, कुमारी ममता कल्याणी, मो. मुत्तफिक अहमद, राजन सिन्हा, इम्तियाज अहमद शामिल हैं।
इनके अलावा अजय नारायण यादव, सतीश कुमार, मो. शिबली नोमानी, कुंदन कुमार, स्मिता सुमन, राकेश कुमार और राजेश कुमार सिंह प्रभाकर को प्रोमोशन दिया गया है।
एक वर्ष के प्रोबेशन में रखे जाएंगे सभी आईपीएस
अधिसूचना के मुताबिक, सभी नवनियुक्त आईपीएस अधिकारियों को एक वर्ष की परिवीक्षा अवधि (Probation) पर रखा जाएगा।
इस दौरान उन्हें भारतीय पुलिस सेवा की प्रोबेशन नियमावली के प्रविधानों के अनुसार प्रशिक्षण भी प्राप्त करना होगा। अधिकारियों का इंडक्शन प्रशिक्षण निर्धारित नियमों के तहत कराया जाएगा।
बिहार की कानून व्यवस्था में रहेगा अहम रोल
गृह मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, भारतीय पुलिस सेवा (भर्ती) नियमावली, 1954 और भारतीय पुलिस सेवा (प्रोन्नति द्वारा नियुक्ति) विनियम, 1955 के प्रावधानों के तहत यह नियुक्ति की गई है।
राष्ट्रपति ने इन अधिकारियों की नियुक्ति को मंजूरी दी है। बिहार पुलिस सेवा से आइपीएस में प्रोन्नति मिलने के बाद इन अधिकारियों को राज्य में पुलिस प्रशासन और कानून-व्यवस्था से जुड़ी जिम्मेदारियों में आगे काम करने का अवसर मिलेगा।
