विवाहिता की गला घोंटकर हत्या, प्राथमिकी दर्ज
मायके से दो लाख रुपये नहीं लाने पर जिले में एक विवाहिता की गला घोंटकर उसकी ससुराल वालों ने हत्या कर दी।
मायके से दो लाख रुपये नहीं लाने पर जिले में एक विवाहिता की गला घोंटकर उसकी ससुराल वालों ने हत्या कर दी। घटना शुक्रवार देर शाम नवादा के नगर थाना क्षेत्र के भदौनी गांव में सीताराम साहू कॉलेज के पास स्थित घर पर हुई। घटना को अंजाम देने के बाद सभी ससुरालीजन फरार हैं। मृतका का मायका हिसुआ थाना क्षेत्र के सरतकिया गांव में है। मृतका के भाई दीपू यादव के बयान पर पुलिस ने मृतका के पति नवलेश यादव, सास-ससुर, दो देवर व ननद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। भाई ने दहेज न देने पर प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है।
बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के सरतकिया निवासी सुरेश यादव की पुत्री अनीता देवी की शादी करीब 10 वर्ष पूर्व नालंदा जिले के गिरियक थाना क्षेत्र अंतर्गत गिरियक गांव के लाटो यादव के पुत्र नवलेश उर्फ मेही यादव के साथ हुई थी। नवलेश फिलवक्त नवादा में खटाल चलाता था और अपने परिवार के साथ रहता था। कुछ समय से घर में अक्सर विवाद होता था। इस कारण पति-पत्नी के बीच रिश्ते अच्छे नहीं थे। मृतका के भाई दीपू ने बताया कि बहन व उसके ससुराल वालों के बीच कई बार समझौता कराया गया था। दरिदों ने शुक्रवार को उसकी बहन की गला घोंटकर हत्या कर दी। मृतका के गले में नीले रंग का निशान पाया गया है। ऐसे में संभावना जताई जा रही कि उसका रस्सी से गला घोंटा गया है। दो लाख रुपये मांगकर लाने का बना रहे थे दबाव :
दीपू ने बताया कि शादी के बाद से ही उसके बहनोई खटाल खोलने के लिए बहन पर मायके से दो लाख रुपये लाने का दबाव बना रहे थे। टाल-मटोल कर मेरी बहन घरवालों की प्रताड़ना झेलते हुए रह रही थी। जब बहन ने रुपये मांगने से इन्कार कर दिया तो उसकी हत्या कर दी गई। बता दें कि मृतका दो पुत्र व एक पुत्री समेत कुल तीन बच्चों की मां थी। बच्चों को साथ लेकर ससुराल वाले फरार हैं। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करा शव मायकेवालों को सौंप दिया है। घटना से मायके में मातम पसरा है। नगर थानाध्यक्ष नेयाज अहमद ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी हो रही है।