विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सऊदी में पति, घर पर मिली पत्नी और दो बच्चियों की लाश; नवादा में 3 मौत से सनसनी

Published: Tue, 18 Aug 2026 01:40 PM (IST)

नवादा के दर्जी मोहल्ले में एक महिला और उसकी दो मासूम बेटियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

शव लेकर जाती पुलिस। (जागरण)

शव लेकर जाती पुलिस। (जागरण)

HighLights

  1. नवादा में महिला और दो बच्चियों की संदिग्ध मौत।

  2. पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर की जांच।

  3. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारणों का खुलासा।

जागरण संवाददाता, नवादा। जिला मुख्यालय स्थित बुंदेलखंड थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 29 स्थित दर्जी मोहल्ले में रविवार की रात एक महिला और उसके दो मासूम बच्चियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

घटना की जानकारी सुबह में मिलने पर इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान करीब 25 वर्षीय निदा खातून के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही बुंदेलखंड थानाध्यक्ष धनवीर कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका की शादी 26 सितंबर 2021 को मुस्लिम रीति-रिवाज से मोहम्मद शाहिद के साथ हुई थी। शाहिद वर्तमान में सऊदी अरब में रहकर काम करते हैं।

मृतका के ससुर मोहम्मद ताहिर और सास अस्मत खातून हैं। मृतका का मायका गयाजी जिले के सरबहदा थाना क्षेत्र बताया गया है। उसके पिता शमशेर खान उर्फ शेरू और मां नाजनी खातून हैं।

जिन दो बच्चियों की मौत हुई है उनमें एक की उम्र करीब डेढ़ वर्ष बताई गई है, जबकि दूसरे बच्ची की उम्र करीब तीन है। हालांकि, बच्चियों की उम्र को लेकर पुलिस स्तर से अभी स्पष्ट पुष्टि नहीं की गई है।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार झा और पुलिस उपाधीक्षक अभिषेक कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। सुबह में करीब 10 बजे एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और काफी देर तक जांच-पड़ताल की।

टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस उपाधीक्षक अभिषेक कुमार ने स्पष्ट किया है कि एफएसएल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हाे सकेगा। इसलिए फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगा।

इधर, मृतका के दादा चिराग खान ने बताया कि उन्होंने अपने बड़े बेटे शमशेर खान को घटना की सूचना दे दी है, जो राजस्थान में रहकर काम करते हैं। दादा ने आरोप लगाया कि उनकी पोती को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। हालांकि इस संबंध में अभी तक पुलिस को कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है।

रात में बहू से नहीं हुई थी बातचीत

मृतका की सास अस्मत खातून ने बताया कि रात में उनकी बहू से किसी तरह की बातचीत नहीं हुई थी। वह घर के उपर वाले कमरे में रहती थी, जबकि मैं नीचे के कमरे में रहती थीं। उनके अनुसार घर में दोनों के बीच सामान्य संबंध थे और वे प्रेमभाव से रहती थीं। वह भी घटना से दुखी नजर आईं।

मृतका के ससुर मो.ताहिर ने बताया कि उनकी बहू साल भर से मायके में रहती थी। बकरीद के बाद मायके से ससुराल आई थी। रात में मैने अपने पोती को अनार खिलाया था और बहू के लिए खाना भी दिया। फिर बेटे से लगभग पांच मिनट बात भी की।

पुलिस इन सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। एफएसएल टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और स्वजन के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना को लेकर खबर लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से थाना में लिखित शिकायत नहीं दी गई थी।

यह भी पढ़ें- अरवल में पति के सामने ऑटो से खींचकर पत्नी की गोली मारकर हत्या, गवाही देकर लौट रही थी महिला