एक बच्चे पर दो माताओं ने जताई दावेदारी, पसोपेश में पुलिस
जिले के हिसुआ प्रखंड में एक ही बच्चे पर दो माताओं ने अपना हक जताकर पुलिस को परेशान कर
जिले के हिसुआ प्रखंड में एक ही बच्चे पर दो माताओं ने अपना हक जताकर पुलिस को परेशान कर दिया है। स्थानीय थाने की पुलिस ने किसी निर्णय पर पहुंचने के पहले अपने वरीय अधिकारियों से मार्गदर्शन मांगा है। फिलहाल, दोनों मां व बच्चा थाने में है। हिसुआ थाना क्षेत्र के लटावर गांव निवासी सकल राजवंशी की बेटी संजू देवी अपने भाई की शादी में शामिल होने अपनी ससुराल मेसकौर से पति राजेश राजवंशी के साथ मायके आई थी। 29 अप्रैल 2018 की शाम संजू का सात माह के दूध पीते बच्चे सोनू को किसी ने चुरा लिया था। खोजबीन के बाद भी बच्चे का कहीं पता नहीं चला। तब बच्चे के मामा मिट्ठू राजवंशी ने अपने भांजे सोनू के चोरी हो जाने की प्राथमिकी हिसुआ थाने में दर्ज कराई थी। इस बीच दो साल बाद संजू व उसके पति को पता चला कि उसका बच्चा लटावर गांव के ही कारू राजवंशी की पहली पत्नी पूजा देवी के पास है। पति के छोड़ देने के बाद पूजा ने झारंखड के बासोडीह निवासी संजय राजवंशी के साथ शादी कर फिलवक्त नगर पंचायत वार्ड-5 में नाला पर निवासी रंजय मांझी के मकान में किराए पर रहती है। पूजा का दूसरा पति अभी चोरी के आरोप में जेल में है। संजू व उसका पति और स्वजन ओंकार शर्मा के साथ हिसुआ पहुंचे और पूजा की गोद से बच्चा छीनकर लटावर चले गए। बच्चा छीने जाने के बाद थाने में दिया गया आवेदन :
-पूजा कुमारी बच्चा छीने जाने के बाद अपनी मकान मालकिन सुनैना देवी के साथ हिसुआ थाने पहुंची और बच्चे को वापस लाने के लिए हंगामा खड़ा कर दिया। थानाध्यक्ष राजकुमार ने अवर निरीक्षक गणेश मंडल को लटावर भेज बच्चे को बरामद कर लिया और संजू व उसके पति राजेश को पकड़कर थाने ले आए। थाने आते ही बच्चा पूजा से लिपट गया। पसोपेश में थानाध्यक्ष, वरीय अधिकारियों से मांगा मार्गदर्शन :
-बच्चे के असली वारिस को लेकर थानाध्यक्ष पसोपेश में हैं। बच्चा व उसके जन्म के समय ली गई तस्वीर संजू से मिल रही। बच्चा किसे मिलना चाहिए, इसको लेकर थानाध्यक्ष ने वरीय पदाधिकारी को सूचना दे मार्गदर्शन मांगा है। वहीं थाने के अन्य पुलिस पदाधिकारी डीएनए टेस्ट कराने का सुझाव दे रहे हैं। खबर भेजे जाने तक दोनों मां व बच्चा थाने में था।