दुधियाटांड़ में कृषि गोष्ठी सह पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित
प्रखंड के मंझिला पंचायत की सुदूरवर्ती गांव दुधियाटांड़ में मंगलवार को कृषि विज्ञान केंद्र ग्राम निर्माण मंडल सर्वोदय आश्रम सोखोदेवरा नवादा के द्वारा एक दिवसीय किसान मेला पौधारोपण व गोष्ठी का आयोजन किया गया।
प्रखंड के मंझिला पंचायत की सुदूरवर्ती गांव दुधियाटांड़ में मंगलवार को कृषि विज्ञान केंद्र, ग्राम निर्माण मंडल सर्वोदय आश्रम सोखोदेवरा नवादा के द्वारा एक दिवसीय किसान मेला, पौधारोपण व गोष्ठी का आयोजन किया गया। उद्घाटन जिला पार्षद नारायण स्वामी मोहन, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि सह जदयू के नेता संजय यादव एवं केवीके के वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान डॉ. रंजन कुमार सिंह ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन संबोधन में जिला पार्षद श्रीमोहन ने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र सर्वोदय आश्रम सोखोदेवरा इन दिनों किसानों के लिए वरदान साबित हो रहा है। केवीके के कृषि वैज्ञानिकों द्वारा कृषि के क्षेत्र में विकसित किए जा रहे नए नए तकनीक से किसान लाभान्वित हो रहे हैं। जिससे किसानों की आय में बढ़ोतरी हो रही है। जदयू नेता संजय यादव ने कहा कि किसानों की हित को देखते हुए केवीके जल संचय, खेती बाड़ी एवं पर्यावरण की दिश में काफी अच्छा कार्य कर रही है। यही कारण है कि किसान पहले अपनी समस्या को लेकर परेशान रहते थे,लेकिन अब खेती से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए उन्हें परेशान नहीं होना पड़ता है। अब वे सीधा केवीके के कृषि वैज्ञानिकों से सम्पर्क कर अपनी समस्याओं से निजात पाते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए केवीके के प्रधान डॉ. रंजन कुमार सिंह ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम आयोजित कर केवीके कम पानी व कम समय में तैयार होने वाली नई तकनीक के फसलों की प्रदर्शनी लगाकर किसानों को उसी अनुरुप फसल लगाने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। गोष्ठी के दारौन केवीके के वैज्ञानिकों ने किसानों के सवालों को जवाब दिया। इस मौके पर अतिथियों द्वारा लगभग एक दर्जन से अधिक फलदार व छायादार पौधे लगाए गए। आम लोगों से पौधा लगाने की अपील की गई। वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत प्रखंड के 200 किसानों के बीच पांच-पांच पौधा का भी वितरण किया गया। जबकि जिला पार्षद एवं प्रमुख प्रतिनिधि के द्वारा निकरा परियोजना के तहत चयनित मंझिला पंचायत के पांच प्रगतिशील किसान को स्प्रेअर मशीन देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान स्थानीय मुखिया सनोज कुमार, पाण्डेयगंगौट मुखिया विष्णुदेव यादव, सरपंच सम्मा देवी, रंजीत रजक, इफको के अधिकारी डीपी वर्मा, वैज्ञानिक कल्पना सिन्हा, निरंजन प्रसाद सिंह, अरविन्द कुमार राय, विकास कुमार, अनिल कुमार, रौशन कुमार, रामचंद्र प्रसाद, रामनिवास प्रसाद, विनोद पाठक, पिन्टू पासवान आदि ने भी अपने विचार किसानों के समक्ष रखें। इससे पूर्व वैज्ञानिक कल्पना सिन्हा ने अतिथियों का स्वागत किया। समापन वरीय वैज्ञानिक डॉ. रंजन सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।