बिहार के नवादा में तीन को ट्रक ने कुचला, झारखंड से आ रहे थे सभी पूजा करके
बिहार के नवादा में बुधवार की शाम ट्रक ने तीन लोगों को कुचला। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। वे सब झारखंड से पूजा कर अपने गांव हिसुआ लाैट रहे थे। तभी हादसा हो गया।
नवादा, जेएनएन। बिहार के नवादा में बुधवार की शाम ट्रक ने तीन लोगों को कुचला। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। वे सब झारखंड से पूजा कर अपने गांव हिसुआ लाैट रहे थे। तभी रजौली अनुमंडल क्षेत्र में हादसा हो गया। घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मच गया है। सभी मृतक एक की परिवार के थे। वहीं घटना में एक व्यक्ति घायल है। उन्हें नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों में केशव प्रसाद, शिव स्वर्णकार और लाठो स्वर्णकार शामिल हैं। ये तीनों हिसुआ थाना क्षेत्र के हिसुआ बाजार काली मंदिर के समीप रहने वाले थे। गंभीर रूप से घायल सुरेंद्र प्रसाद नवादा सदर अस्पताल में भर्ती हैं। वे रजौली बाजार में सती स्थान मोहल्ला के निवासी हैं।
दुर्घटना के शिकार हुए लोग झारखंड के गिरिडीह जिला में झारखंडी धाम से पूजा कर वापस लौट रहे थे। रजौली में वे अपने रिश्तेदार सुरेंद्र से मिलने के लिए रुके। स्कॉर्पियो से नीचे उतर तीनों परिजन सुरेंद्र से बातचीत करने लगे। उसी दौरान कोडरमा की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने चारों को रौंद दिया। चालक तुरंत ट्रक लेकर निकल भागा। स्कॉर्पियो पर बचे परिजन जैसे ही नीचे उतरे कि चालक स्कॉर्पियो लेकर भाग गया।
परिजनों को हादसे की खबर मिली तो घर में कोहराम मच गया। केशव के साथ स्कॉर्पियो में उनकी पत्नी सीता वर्मा भी थीं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर पहुंचे एसडीएम चंद्रशेखर आजाद ने उन्हें ढांढस बंधाया। थानाध्यक्ष सुजय विद्यार्थी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और प्राथमिकी दर्ज की।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप