हल्की बारिश से मौसम हुआ खुशनुमा, शहर की स्थिति नारकीय
नवादा। शनिवार की दोपहर करीब एक घंटे तक हुई हल्की बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया। लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली है। बारिश के बाद शहर की सड़कों पर कीचड़ पसर गया और जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। आलम यह है कि राहगीरों को पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। इतना ही नहीं दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
नवादा। शनिवार की दोपहर करीब एक घंटे तक हुई हल्की बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया। लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली है। बारिश के बाद शहर की सड़कों पर कीचड़ पसर गया और जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। आलम यह है कि राहगीरों को पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। इतना ही नहीं दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। सड़कों पर जगह-जगह बारिश का पानी के साथ नाली का गंदा पानी जमा हो गया है। बारिश के बाद मौसम खुशनुमा हुआ है तो दूसरी ओर शहर की स्थिति नारकीय बन गई है। शहर में पसरा गंदगी व जलजमाव ने नगर परिषद की सफाई व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। नगर के विजय बाजार, मेन रोड, स्टेशन रोड, पुरानी बाजार आदि इलाकों में सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। साथ ही नगर परिषद कार्यालय, परिवहन कार्यालय, सदर अस्पताल परिसर आदि स्थानों पर जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई। इसके अलावा सभी वार्ड के मोहल्लों की स्थिति नारकीय बनी हुई है। शहरवासियों का कहना है कि इस समय कोरोना महामारी का दौर चल रहा है। शहर में कई लोग संक्रमण का शिकार हो चुके हैं। अगर समय रहते साफ-सफाई पर ध्यान नहीं दिया गया तो कई प्रकार की बीमारियों की चपेट में लोग आ सकते हैं।