मदरसा का दिवार ध्वस्त करने पर तनाव
थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में मदरसा का दीवार रात के अंधेरे में ध्वस्त कर दिए जाने से दो पक्ष।
थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में मदरसा का दीवार रात के अंधेरे में ध्वस्त कर दिए जाने से दो पक्षों में तनाव उत्पन्न हो गया। शाहपुर गांव निवासी मो. सेराज उद्दीन ने मामले की जानकारी सिरदला पुलिस को देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। आरोप है कि शुक्रवार की रात गांव के सेवक यादव के साथ दर्जनों अज्ञात लोग हथियार से लैस होकर पहुंचे और रात करीब 12 बजे अचानक दीवार को तोड़ने लगे। लोगों के पास हथियार देख किसी ने रोकने कि हिम्मत नहीं जुटाई। आसपास में रह रहे कैली देवी,महेंद्र मांझी आदि परिवारों ने बंद घर से ही शोर मचाया, तब अपराधी भाग गए। तब तक मदरसा के दीवार का बड़ा भाग ध्वस्त कर चुका था। बताते चले कि प्रखंड में पूर्व से ही लौंद, चमोथा, मुरली दुआरी, सुखनर, दमरकुरहा में कब्रिस्तान और मदरसा जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इस वर्ष एक नया विवाद पुन: उत्पन्न हो जाने से प्रशासन की परेशानी बढ़ गई है। इस बावत थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि आरोपित सेवक प्रसाद यादव को हिरासत में ले लिया गया है। जानकारी पुलिस अधीक्षक व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रजौली को दी गई है। उच्च अधिकारी के निर्देशों का अनुपालन कर उचित कार्रवाई की जाएगी।