महिला किसान दिवस पर केवीके में कार्यक्रम आयोजित
ग्राम निर्माण मंडल कृषि विज्ञान केंद्र सर्वोदय आश्रम सोखोदेवरा में मंगलवार को राष्ट्रीय महिला किसान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन कर महिलाओं को उनके हक एवं अधिकार के बारे में बताया गया।
ग्राम निर्माण मंडल, कृषि विज्ञान केंद्र सर्वोदय आश्रम सोखोदेवरा में मंगलवार को राष्ट्रीय महिला किसान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन कर महिलाओं को उनके हक एवं अधिकार के बारे में बताया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए केवीके के वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान डॉ. रंजन कुमार सिंह ने कहा कि बगैर महिलाओं के जागरुक हुए उनका वास्तविक हक और अधिकार नहीं मिल सकता। और जबतक वे अपना हक और अधिकार के बारे में नहीं जान पाएंगी तबतक देश के सम्पूर्ण विकास की कल्पना नहीं की जा सकती है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद दर्जनों महिला कृषकों को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि के क्षेत्र में महिलाएं काफी उपेक्षित हैं। महिलाओं को जागरूक होकर समूह बनाकर कार्य करने की आवश्यकता है, ताकि कृषि के क्षेत्र में उनका पहचान बनने के साथ ही आर्थिक रूप से उनका विकास हो सके। कृषि विज्ञान केंद्र के गृह विज्ञान की प्रभारी कल्पना सिन्हा ने कहा कि महिलाएं केवीके के सौजन्य से कौशल विकास का प्रशिक्षण प्राप्त कर सब्जी उत्पादन, मशरूम उत्पादन, बागवानी, नर्सरी, सिलाई बुनाई आदि का कार्य कर अपना स्वरोजगार सृजन कर सकती हैं। जिससे वे आर्थिक रूप से सबल बन सकती हैं। इस दौरान महिलाओं को विभिन्न क्षेत्रों में परचम लहराने वाली सफल महिलाओं का वीडियो भी दिखाया गया। कार्यक्रम के बाद सभी महिलाओं के बीच नींबू का एक एक पौधा भी वितरित किया गया। मौके पर डॉ. जयवंत कुमार सिंह, रौशन कुमार, सुमिताप रंजन, सुमित कुमार, उदय कुमार, श्रवण रविदास, विकास कुमार, डॉ. धनंजय कुमार,अनिल कुमार, पिटू पासवान आदि उपस्थित थे।